पर्यटन विभाग और नगर निगम मिलकर 2,000 आधुनिक शौचालय, मुख्यमंत्री विकास कोष से एमसीडी को मिलेगा पूरा धन: सीएम रेखा गुप्ता

पीतमपुरा दिल्ली हाट की जगह बनेगा भव्य ‘यूनिटी मॉल’, देश के सभी राज्यों के एम्पोरियम और व्यंजन होंगे आकर्षण का केंद्र
निर्माण श्रमिकों के लिए शुरू होगी मोबाइल स्वास्थ्य जांच व्यवस्था, दिल्ली के प्रवेश द्वारों का किया जा रहा है भव्य सौंदर्यीकरण
नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने सोमवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के सिंगलपुर गांव स्थित लेबर चौक पर नवनिर्मित आधुनिक शौचालय ब्लॉक का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य राजधानी के लोगों को बेहतर और आधुनिक जनसुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में दिल्ली में अगले एक वर्ष के भीतर 2,000 आधुनिक शौचालय बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दिल्ली नगर निगम और पर्यटन विभाग 1,0001,000 शौचालयों का निर्माण करेंगे। नगर निगम द्वारा बनाए जाने वाले 1,000 शौचालयों का पूरा धन मुख्यमंत्री विकास कोष से उपलब्ध कराया जाएगा।
तीन महीने में तैयार हुआ पहला शौचालय ब्लॉक
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगलपुर गांव में बनाया गया यह शौचालय ब्लॉक लगभग तीन महीने में तैयार हुआ है। बारिश और आंधी जैसी कठिन परिस्थितियों के बावजूद अधिकारियों और संबंधित विभागों ने इसे समय पर पूरा किया। पर्यटन विभाग द्वारा अगले छह महीने में 500 और उसके बाद के छह महीने में और 500 शौचालय बनाए जाएंगे। इस प्रकार एक वर्ष के भीतर दिल्ली को 1,000 अतिरिक्त आधुनिक शौचालय मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने इस जनसुविधा परिसर के निर्माण में सहयोग के लिए दिल्ली नगर निगम, संबंधित अधिकारियों, स्थानीय पार्षदों सहित सभी सहयोगियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह परिसर हजारों लोगों के लिए सुविधा का केंद्र बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार और नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय से ही इस प्रकार की सुविधाएं तेजी से विकसित हो सकती हैं।
झुग्गियों में शौचालय, पानी और सीवर की सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी की झुग्गी बस्तियों में शौचालयों का निर्माण करा रही है। इसके साथ ही पानी की व्यवस्था, सीवर लाइन बिछाने, नई जलापूर्ति लाइन डालने और बिजली की सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम भी किया जा रहा है। दिल्ली में नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है और सड़कों पर नई कारपेटिंग का काम हो रहा है। पिछले डेढ़ वर्ष में दिल्ली सरकार ने दिल्ली के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
पीतमपुरा दिल्ली हाट में बनेगा यूनिटी मॉल
मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग क्षेत्र के लिए एक और महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि पीतमपुरा स्थित पुराने दिल्ली हाट के स्थान पर भव्य यूनिटी मॉल बनाने की योजना है। उन्होंने कहा कि इस मॉल में देश के सभी राज्यों के शानदार एम्पोरियम होंगे। यहां अलगअलग राज्यों के भोजन का आनंद लेने के लिए खानपान की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। लोग अपने परिवार के साथ विभिन्न राज्यों के व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। कई वर्ष पहले बनाए गए दिल्ली हाट को नए स्वरूप में विकसित करके शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र को एक बड़ी सौगात देने की योजना है। उन्होंने इसके लिए मंत्री कपिल मिश्रा को धन्यवाद दिया।
दिल्ली के प्रवेश मार्गों का किया जा रहा है सौंदर्यीकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में आने वाले विभिन्न मार्गों पर प्रवेश द्वारों का निर्माण और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। पर्यटन विभाग द्वारा दिल्ली के अलगअलग प्रवेश मार्गों पर शानदार प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। इससे दिल्ली की पहचान और छवि बेहतर होगी। मुख्यमंत्री ने इस कार्य के लिए पर्यटन विभाग को बधाई दी।
निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण और स्वास्थ्य जांच की नई व्यवस्था
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के निर्माण श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए उनका पंजीकरण आवश्यक है। उन्होंने बताया कि श्रम विभाग के माध्यम से दिल्ली के निर्माण श्रमिकों का नए सिरे से पंजीकरण कराने का कार्य शुरू किया जा रहा है। श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच के लिए विशेष वैन भी तैयार की जा रही हैं। ये वैन निर्माण स्थलों और श्रमिकों के कार्यक्षेत्रों में जाकर उनकी स्वास्थ्य जांच करेंगी। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि निर्माण श्रमिकों सहित सभी पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें।
प्रधानमंत्री जी के सेवाकाल का उल्लेख
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन और देश की सेवा में उनके योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने वर्षों तक देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया है। उनके कार्य और समर्पण से उन्हें प्रेरणा मिलती है। प्रधानमंत्री जी की कार्यशैली से प्रेरणा लेकर दिल्ली सरकार भी विकास के नए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि 17 सितंबर को माननीय प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन पर अपनेअपने घरों में उनके लिए आशीर्वाद का दीप जलाएं। उन्होंने कहा कि झुग्गी हो, कोठी हो या कोई सामाजिक सेवा केंद्र, हर स्थान पर प्रधानमंत्री के स्वस्थ जीवन, दीर्घायु और निरंतर सेवा के लिए दीप जलाया जाए। गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश का स्मरण करते हुए सभी के जीवन में सुखसमृद्धि और प्रत्येक कार्य के निर्विघ्न संपन्न होने की कामना करनी चाहिए।
मुनक नहर के विकास कार्यों का भी निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में मुनक नहर से संबंधित विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न विभागों और नगर निगम के बीच बेहतर तालमेल के साथ काम किया जा रहा है। इसी समन्वय के माध्यम से दिल्ली में जनसुविधाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाया जा रहा है।



