राष्ट्रीय राजधानी से सटे गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड स्थित हिट एंड रन केस में कार मालिक खुद सामने आया है. कार मालिक मनीष ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते स्वीकार किया कि हादसे की फुटेज में दिख रही कार उसी की है. उसने बताया कि वह फौज में है और उसकी कार दो दिन पहले उसका एक दोस्त मांग कर ले गया था. हादसे की सूचना के बाद वह लगातार उससे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वह फोन नहीं उठा रहा.

उसने अपने पिता को दोस्त के घर भी भेजा था, लेकिन वहां भी उससे संपर्क नहीं हो सका. मनीष के मुताबिक उसका दोस्त हरियाणा में पलवल का रहने वाला है. बता दें कि रविवार को गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर के साथ हिट एंड रन का मामला सामने आया था. महिला राइडर सिया का आरोप है कि एक कार सवार ने पहले उसका पीछा किया और फिर उसकी बाइक में टक्कर मार दी. इससे वह सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गई थी.
बाइक के कैमरे में रिकॉर्ड हुआ हादसा
इस घटना का वीडियो सिया की बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गया. इसके बाद सिया ने वीडियो और कार की डिटेल्स अपने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम एकाउंट पर शेयर किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया. सिया ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने कुछ साथी बाइकर्स के साथ राइड पर थीं. इसी दौरान कार सवार लोगों ने उनका पीछा किया. वायरल हो रहे वीडियो में भी कार को बाइकर्स के पीछे आते और फिर सिया की बाइक से टकराते देखा जा सकता है.
बाइक समेत घिसटती चली गई सिया
यह टक्कर इतनी तेज थी कि सिया बाइक से नीचे गिरी और बाइक समेत कुछ दूरी तक घिसटती चली गई. वहीं टक्कर मारने के बाद कार चालक तेजी से गाड़ी चलाते हुए मौके से फरार हो गया. हालांकि सिया के एक साथी ने कार का पीछा किया और एक ट्रैफिक सिग्नल पर चालक को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन कार चालक भागने में सफल रहा. सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की.



