भारत में इलेक्ट्रिक टूव्हीलर का बाजार अब सिर्फ बड़ी ऑटो कंपनियों और नए स्टार्टअप्स तक सीमित नहीं रह गया है. छोटी और क्षेत्रीय EV कंपनियां भी तेजी से अपनी बिक्री बढ़ा रही हैं. ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, रिवर मोबिलिटी, बीगॉस ऑटो और सिंपल एनर्जी जैसी कंपनियों ने 2026 के पहले 9 महीनों से भी कम समय में 2025 की पूरी साल की बिक्री को पीछे छोड़ दिया है.

Vahan के आंकड़ों के मुताबिक, Ampere इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाने वाली ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ने 2026 में अब तक 66,069 यूनिट बेची हैं. कंपनी ने पूरे 2025 में 57,699 यूनिट की बिक्री की थी. यानी इस साल कंपनी ने पिछले साल की तुलना में ज्यादा वाहन बेच दिए हैं. सितंबर में ग्रीव्स कुछ समय के लिए Ola को पीछे छोड़कर 5वें नंबर पर भी पहुंच गई थी. कंपनी अगले दो साल में अपनी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाकर 10% से ज्यादा करने का लक्ष्य रखती है.
इन कंपनियों की बिक्री हुई तेज
यामाहा की रिवर मोबिलिटी की बिक्री भी तेजी से बढ़ी है. कंपनी ने 2026 में अब तक 35,250 इलेक्ट्रिक टूव्हीलर बेचे हैं, जो पिछले साल की तुलना में दोगुने से ज्यादा हैं. वहीं मुंबई की बीगॉस ऑटो ने 32,101 यूनिट बेची हैं. 2025 में इसकी बिक्री 25,131 यूनिट थी. बेंगलुरू की सिंपल एनर्जी ने भी 2026 में करीब 11,000 यूनिट की बिक्री की है, जबकि 2025 में यह आंकड़ा 6,628 यूनिट था.
ये है बिक्री बढ़ने की वजह
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, बैटरी की लागत में कमी और बाजार में ज्यादा मॉडल आने से EV कंपनियों को फायदा मिल रहा है. PLI योजना के तहत देश में बैटरी सेल का उत्पादन बढ़ने से घरेलू और आयातित सेल की कीमतों का अंतर कम हुआ है. इससे शुरुआती कीमत वाले इलेक्ट्रिक स्कूटरों पर कीमत का दबाव भी कम हुआ है. भारत में इलेक्ट्रिक टूव्हीलर की कुल बिक्री भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है. 2026 में अब तक 14.4 लाख EV रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं, जबकि 2025 में यह रिकॉर्ड 13.4 लाख था. बेहतर सर्विस नेटवर्क, ज्यादा मॉडल, कम चलाने की लागत और पेट्रोल की बढ़ती कीमतें EV की मांग बढ़ा रही हैं.
अब छोटी कंपनियां भी इस बढ़ती मांग का फायदा उठाने के लिए निवेश जुटा रही हैं. रिवर मॉबिलिटी ने हाल ही में 12 करोड़ डॉलर की Series C फंडिंग जुटाई है. कंपनी इसका इस्तेमाल उत्पादन बढ़ाने, नया प्लांट लगाने और नए मॉडल लॉन्च करने में करेगी. बिगॉस ने भी 1.16 करोड़ डॉलर की Series D फंडिंग जुटाई है. वहीं IPO की तैयारी कर रही सिंपल एनर्जी भी उत्पादन बढ़ाने के लिए बड़ी फंडिंग जुटाने की योजना बना रही है.
बाजार पर बड़ी कंपनियों का कब्जा
दूसरी ओर बाजार पर TVS Motor, Bajaj Auto, Ather Energy, Hero MotoCorp और Ola Electric का दबदबा अभी भी कायम है. इन पांच कंपनियों के पास करीब 83% इलेक्ट्रिक टूव्हीलर बाजार है. ऐसे में छोटी कंपनियों के लिए आगे सिर्फ अच्छी बिक्री ही नहीं, बल्कि मजबूत डीलर नेटवर्क और बेहतर आफ्टरसेल्स सर्विस भी जरूरी होगी.



