
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक बुजुर्ग महिला के साथ लूट का मामला सामने आया है। कुमारसैन थाना क्षेत्र में जंगल के सुनसान रास्ते से गुजर रही 61 वर्षीय महिला पर एक अज्ञात व्यक्ति ने अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि बदमाश ने पहले महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डाला और फिर दोनों कानों से सोने की बालियां जबरन छीनकर फरार हो गया।
घटना 14 सितंबर को दिन में करीब 11:45 बजे की बताई जा रही है। लटयाणा निवासी सुनो देवी, पत्नी जिया लाल, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कंडियाली बाजार से एनएच-05 की ओर जाने वाले रास्ते से अपने गांव लौट रही थीं। रास्ते का एक हिस्सा जंगल से होकर गुजरता है।
अचानक महिला पर किया हमला
महिला के मुताबिक, वह जंगल के रास्ते से पैदल जा रही थीं, तभी एक अज्ञात युवक अचानक उनके पास पहुंचा। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, आरोपी ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया।
आंखों में तेज जलन होने के कारण महिला कुछ देख नहीं सकीं। इसी दौरान आरोपी ने उनके दोनों कानों से सोने की बालियां छीन लीं और वहां से भाग गया।
सफेद चेकदार कमीज और काली पैंट पहने था आरोपी
शिकायत में महिला ने आरोपी के हुलिए के बारे में भी जानकारी दी है। उनके अनुसार, युवक की उम्र करीब 25 से 26 साल थी। उसने सफेद चेकदार कमीज और काली पैंट पहन रखी थी।
पुलिस अब महिला द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है। आसपास के इलाकों में भी संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की शिकायत मिलने के बाद कुमारसैन पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक विद्या नंद कर रहे हैं, जो नारकंडा पुलिस चौकी के प्रभारी भी हैं।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही पुलिस घटना से जुड़े अन्य सुरागों की भी जांच कर रही है।



