
मैनचेस्टर: ब्रिटेन के मैनचेस्टर से पति-पत्नी के रिश्ते को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 60 वर्षीय एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी का लंबे समय तक शोषण करने के गंभीर आरोप लगे हैं। अदालत में आरोपी ने कुल 60 अपराधों में अपना गुनाह स्वीकार किया है। कानूनी कारणों से आरोपी की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है, क्योंकि इससे पीड़िता की पहचान उजागर होने का खतरा है।
मामला करीब दो दशक पुराना बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, कथित अपराधों का सिलसिला वर्ष 2004 से शुरू हुआ था और इसमें पत्नी को उसकी सहमति के बिना नशीले पदार्थ देने, यौन हिंसा करने और उसकी निजी तस्वीरें एवं वीडियो दूसरे लोगों के साथ साझा करने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
पहले 15 और फिर 45 अपराधों में स्वीकार किया गुनाह
मैनचेस्टर के मिनशुल स्ट्रीट क्राउन कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान आरोपी ने सोमवार को बाकी 45 अपराधों में भी दोष स्वीकार कर लिया। इससे पहले वह 15 अपराधों में अपना गुनाह कबूल कर चुका था। इस तरह उसने कुल 60 अपराधों में दोष स्वीकार किया है।
अदालत में सुनवाई के दौरान आरोपी भावुक दिखाई दिया। पीड़िता और परिवार के अन्य सदस्य भी कोर्ट में मौजूद थे। सुनवाई के दौरान पीड़िता भी भावुक हो गई।
पत्नी की सहमति के बिना निजी तस्वीरें साझा करने का आरोप
अदालत में जिन अपराधों को स्वीकार किया गया, उनमें दुष्कर्म, यौन हमला और जानबूझकर किसी पदार्थ का सेवन कराने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। आरोपी पर यह भी आरोप है कि उसने पत्नी की सहमति के बिना उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो अन्य लोगों के साथ साझा किए।
पुलिस की जांच के अनुसार, पत्नी से जुड़े कथित अपराध लंबे समय तक जारी रहे और बाद के वर्षों में इसमें अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई।
12 अन्य लोगों पर भी गंभीर आरोप
यह मामला केवल पति तक सीमित नहीं है। पुलिस के मुताबिक, 12 अन्य पुरुषों पर भी महिला से जुड़े अलग-अलग यौन शोषण के आरोप हैं। इन घटनाओं से संबंधित कथित अपराधों की अवधि सितंबर 2018 से नवंबर 2025 के बीच बताई गई है।
एक अन्य आरोपी पहले ही महिला से जुड़े शोषण के मामले में अपना अपराध स्वीकार कर चुका है। वहीं कई अन्य आरोपियों के खिलाफ अदालत में कानूनी प्रक्रिया जारी है।
मामले में स्कॉटपोर्ट के 43 वर्षीय पैरामेडिक जोनाथन किर्क समेत कई लोगों के नाम सामने आए हैं। उन पर दुष्कर्म और कथित आपराधिक साजिश से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा पूर्व फुटबॉल क्लब मुख्य कार्यकारी अधिकारी कार्ल लिंडसे समेत अन्य आरोपियों पर भी गंभीर आरोप हैं।
फिलहाल मुख्य आरोपी को मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद सजा सुनाई जाएगी। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कानूनी प्रक्रिया जारी है। अदालत में लगाए गए आरोपों और स्वीकार किए गए अपराधों के आधार पर मामले की आगे की सुनवाई होगी।



