
लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी लखनऊ स्थित चिकित्सा संस्थानों और अस्पतालों में गुरुवार को सृष्टि के आदि शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ की गई। इस पावन अवसर पर जहाँ एक ओर अस्पतालों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिविधान से पूजन कर लोककल्याण का संकल्प लिया गया, वहीं दूसरी ओर विशेष सेवा पखवाड़े के तहत मरीजों की सेवा और स्वैच्छिक रक्तदान जैसे पुनीत कार्य किए गए। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल में प्रमुख चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।
सिविल अस्पताल में ब्रजेश पाठक ने मरीजों को बांटे फल
हजरतगंज स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की पूजा हर्षोल्लास के साथ की गई। वहीं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। एक ओर जहां अस्पताल परिसर में आदि शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की विधिविधान से पूजाअर्चना की गई, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को ‘सेवा पखवाड़े’ के रूप में मनाते हुए उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अस्पताल का दौरा किया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें फल वितरित किए। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों को मरीजों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में अस्पताल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं और अस्पताल कर्मियों ने बढ़चढ़कर रक्तदान किया।
KGMU में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई विश्वकर्मा जयंती
किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के पीएमआर विभाग की कृत्रिम अंग वर्कशॉप में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की पूजा बेहद श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ की गई। इस पावन अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. सुधीर मिश्रा, डॉ. आराधना शुक्ला और शगुन सिंह सहित सभी उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद वर्कशॉप में मौजूद कृत्रिम अंग बनाने वाले उपकरणों और मशीनों का पूजन कर लोककल्याण का संकल्प लिया गया। इस दौरान भगवान विश्वकर्मा से समस्त चिकित्सा कर्मियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की गई।
सैनियोर हॉस्पिटल में हर्षोल्लास से मनी विश्वकर्मा जयंती
राजधानी स्थित सैनियोर हॉस्पिटल में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की जयंती श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अस्पताल के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. दिवेन्द्र सिंह ने विधिविधान से आदि शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजाअर्चना की।मंत्रोच्चार के बीच डॉ. दिवेन्द्र सिंह ने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इस मौके पर डॉ. दिवेन्द्र सिंह ने सभी सहयोगियों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृष्टि के प्रथम शिल्पकार एवं निर्माण के देवता हैं। उनकी कृपा से ही चिकित्सा और तकनीक के समन्वय द्वारा हम मानव सेवा का कार्य पूरी कर्मठता से कर पा रहे हैं। इस पावन अवसर पर अस्पताल के सभी चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ एवं प्रशासनिक कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी को प्रसाद वितरित किया गया।



