
अमृत विचार : लखीमपुर खीरी में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। बमुश्किल पांच महीने पहले ब्याहकर ससुराल आई एक महिला ने अपने भाई के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। इस घटना से गांव में हंगामा मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्ट के लिए भेज दिया है। पुलिस ने महिला और उसके परिवार के पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
घटना भीरा थाना क्षेत्र के पल्हनापुर गांव की है। पंकज कुमार का विवाह सात मई 2026 को कटैया की रहने वाली रोशनी के साथ हुआ था। परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद से ही दोनों में विवाद हो रहा था। शुक्रवार शाम की शाम को पतिपत्नी में कहासुनी हो गई। रोशनी ने अपने मायके वालों को मोबाइल कर दिया।
तीन बाइकों से आ धमकी 5 लोग
पंकज के परिजनों का आरोप है कि शाम करीब सात बजे रोशनी का भाई सुनील तीन बाइकों पर 5 लोगों को लेकर पल्हनापुर गांव आ धमका। आरोप है कि बातचीत के बीच मायके वालों ने पंकज पर हमला कर दिया। पंकज के सिर में लाठी लगी और खून से लथपथ होकर गिर पड़े। घरवाले पंकज को बिजुआ सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गांव वालों की लगी भीड़
पंकज की हत्या की खबर सुनते ही घर पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना से हर कोई सन्न रह गया। उधर, घटना के बाद रोशनी अपने भाईयों के साथ फरार हो गई। पंकज दो भाइयों में छोटे थे। मजदूरी करके परिवार का पालनपोषण कर रहे थे। करीब तीन बीघा जमीन थी। मृतक के भाई राकेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने पंकज की पत्नी रोशनी, सुनील, अजीत, जगदीश, शिवम निवासी कटैया समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
तलाश में जुटी पुलिस
एसओ अमित पांडेय ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगीं हैं, जो संभावित स्थानों पर छापा मार रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें


