
प्रयागराज, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रयागराज संगठन में तीन नए प्रभारियों की तैनाती की है। पार्टी ने महानगर, यमुनापार और गंगापार के लिए अलगअलग प्रभारी नियुक्त किए हैं।
महानगर की जिम्मेदारी राकेश त्रिवेदी, यमुनापार की अनिल सिंह और गंगापार की जिम्मेदारी अशोक मिश्रा को सौंपी गई है। नए प्रभारी केवल संगठन की गतिविधियों की निगरानी तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि चुनावी तैयारियों, संगठन की सक्रियता और स्थानीय स्तर से मिलने वाले फीडबैक को प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाने में भी भूमिका निभाएंगे।
प्रदेश नेतृत्व को सीधे रिपोर्ट करेंगे तीनों प्रभारी
राकेश त्रिवेदी, अनिल सिंह और अशोक मिश्रा की रिपोर्टिंग व्यवस्था सीधे प्रदेश नेतृत्व से जुड़ी होगी। तीनों प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह को रिपोर्ट करेंगे। इसके जरिए प्रयागराज महानगर, यमुनापार और गंगापार में संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों की जानकारी सीधे प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाई जाएगी।
जिलाध्यक्षों का स्थान नहीं लेंगे प्रभारी
प्रयागराज में महानगर, यमुनापार और गंगापार में भाजपा के जिलाध्यक्ष और स्थानीय संगठन पहले से काम कर रहे हैं। नए प्रभारी जिलाध्यक्षों का स्थान नहीं लेंगे। उनकी भूमिका प्रदेश नेतृत्व और स्थानीय संगठन के बीच समन्वय की होगी। प्रभारी मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की स्थिति, पार्टी अभियानों और चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। स्थानीय संगठन से मिलने वाले फीडबैक को प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाना भी उनकी जिम्मेदारी होगी।
बूथ प्रबंधन और कार्यकर्ता सक्रियता पर रहेगा फोकस
विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, मतदाता संपर्क अभियान और पार्टी के कार्यक्रमों की स्थिति की समीक्षा भी प्रभारियों के जिम्मे रहेगी। इस तरह तीनों क्षेत्रों में स्थानीय संगठन के कामकाज और प्रदेश स्तर की चुनावी तैयारियों के बीच समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी नए प्रभारियों के पास होगी।
जानें कौन हैं तीनों नए प्रभारी
राकेश त्रिवेदी: महानगर प्रभारी बनाए गए राकेश त्रिवेदी भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वह मूल रूप से वाराणसी के रहने वाले हैं।
अनिल सिंह: यमुनापार की जिम्मेदारी संभालने वाले अनिल सिंह मिर्जापुर के निवासी हैं। वह मिर्जापुर में जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और पहले यमुनापार के प्रभारी भी रह चुके हैं।
अशोक मिश्रा: गंगापार के प्रभारी अशोक मिश्रा मूल रूप से सोनभद्र के रहने वाले हैं। वह सोनभद्र में भाजपा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
तीनों नेताओं के पास संगठन में काम करने का अनुभव है। अब पार्टी ने इसी अनुभव को प्रयागराज में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में इस्तेमाल करने की जिम्मेदारी दी है।



