
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी के रामनगर तहसील क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दावों के बीच रामनगरबिछलखा मार्ग स्थित मलखे बाबा स्थान के पास करीब एक माह से कथित रूप से बड़े पैमाने पर मिट्टी का खनन किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद खनन पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक अधिकारियों के कार्यालय समय में खनन गतिविधियां थमी नजर आती हैं, जबकि इसके बाद सुबहशाम और रात के समय पोकलेन मशीन से मिट्टी की खुदाई और डंपरों से उसकी ढुलाई का काम तेज हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खनन में लगे लोगों को कार्रवाई का कोई खास भय नजर नहीं आ रहा है। आरोप है कि बिना वैध परमिट के बड़े पैमाने पर मिट्टी निकाली जा रही है और वाहनों से उसकी ढुलाई की जा रही है। लगातार चल रही इन गतिविधियों से क्षेत्र में प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पोकलेन और डंपरों की भी जांच की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि यदि शिकायतों के बाद भी खनन का सिलसिला जारी है तो पूरे मामले की जांच कर यह पता लगाया जाना चाहिए कि किन परिस्थितियों में कार्रवाई नहीं हो पा रही है। लोगों ने प्रशासन से मौके पर जांच कराने के साथ खनन की अनुमति, भूमि की स्थिति तथा इस्तेमाल की जा रही पोकलैंड मशीन और वाहनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।



