
अयोध्या, अमृत विचार : अयोध्या जोन के अम्बेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी, बाराबंकी और अयोध्या जिलों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के अधीन संचालित जोन की टीम ने 150 करोड़ का एक मेगा प्लान तैयार किया है। यदि यह प्लान स्वीकृत होता है तो जोन के सभी जिलों में बिजली संकट में बड़ी कमी आयेगी।
जिन जिलों में गर्मी में बिजली उपकेंद्रों में उपभोक्ताओं ने बिजली संकट को लेकर नाराजगी जताई, घेराव किया और सड़क जाम की। वहां बिजली विभाग ने हकीकत जानने का प्रयास किया कि आखिर बिजली ने परेशान क्यों किया? इसकी रिपोर्ट तैयार की गई, जिसमें स्थानीय अवर अभियंता व सहायक अभियंता ने स्थलीय रिपोर्ट तैयार की और ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि, नई 33 केवी लाइन, एक बिजली उपकेंद्र से दूसरी बिजली उपकेंद्र को इंटरलिंकिंग, पावर ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि, 11 केवी लाइन निर्माण, रिले, कंट्रोल पैनल, आइसोलेटर सहित तीन नए बिजली उपकेंद्रों को शामिल करते हुए दर्जनों कामों के सुधार की सिफारिश की गई।
मुख्यालय स्तर पर चर्चा हुई और सभी चारों जोन से कुल 150 करोड़ का प्रस्ताव तैयार करके 26 सितंबर 2026 को प्रस्तावित बोर्ड आफ डायरेक्टर की बैठक में रखा जाएगा। इस एडिशन बिजनेस प्लान को स्वीकृति भी मिलने की सौ प्रतिशत संभावनाएं अफसरों ने जताई है। क्योंकि अगर यह व्यवस्था अभी से आगामी गर्मी के लिए नहीं की गई तो वर्ष 2027 में बिजली का सबसे ज्यादा बुरा हाल होगा और उपभोक्ता सड़कों पर उतरने को विवश होंगे। इस प्लान को जनप्रतिनिधियों द्वारा हाल ही में दिए गए प्रस्तावों से बिल्कुल अलग रखा गया है।
योजना तैयार की गई है। अभी दो दिन बाद इसे फाइनल किया जाएगा। उम्मीद है शासन से स्वीकृति मिल जाएगी।बृजेश कुमार, मुख्य अभियंता वितरण, अयोध्या जोन
ः


