
निंन्दुरा/बाराबंकी, अमृत विचार : बाराबंकी में कुर्सी थाना क्षेत्र के बैना टीकाहार गांव में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन फैक्टरी परिसर में खोदे गए गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भरा था। इसी पानी में नहाने गए तीन किशोर डूब गए। हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि तीसरा पानी में लापता है। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से लापता किशोर की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गांव के बाहर एक फैक्टरी की चहारदीवारी का निर्माण चल रहा है। परिसर में मिट्टी भराई के काम के लिए करीब 100 मीटर व्यास का गड्ढा खोदा गया था। पिछले दिनों हुई बारिश के कारण इसमें काफी पानी भर गया था। रविवार शाम गांव निवासी रामशंकर का बेटा सुमित , गुड्डू का बेटा दुर्गेश और धर्मराज का बेटा दिव्यांश गड्ढे में भरे पानी में नहाने पहुंचे थे। कुछ अन्य बच्चे भी आसपास मौजूद थे।
नहाते समय तीनों किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें डूबता देखकर आसपास मौजूद बच्चों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर फैक्टरी में काम कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे और पानी में उतरकर सुमित व दुर्गेश को बाहर निकाला। हालांकि तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
तीसरे किशोर की तलाश जारी
हादसे की सूचना मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। सीओ फतेहपुर जगत राम कनौजिया ने बताया कि हादसे में दो किशोरों की मौत हुई है। तीसरे किशोर दिव्यांश की तलाश के लिए पुलिस टीम मौके पर जुटी है। गड्ढे में पानी अधिक होने के कारण तलाश में दिक्कत आ रही है।

