
निंन्दुरा/बाराबंकी, अमृत विचार : बाराबंकी में कुर्सी थाना क्षेत्र के बैना टीकाहार गांव में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन फैक्टरी परिसर में खोदे गए गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भरा था। इसी पानी में नहाने गए तीन किशोर डूब गए। हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि तीसरा पानी में लापता है। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से लापता किशोर की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गांव के बाहर एक फैक्टरी की चहारदीवारी का निर्माण चल रहा है। परिसर में मिट्टी भराई के काम के लिए करीब 100 मीटर व्यास का गड्ढा खोदा गया था। पिछले दिनों हुई बारिश के कारण इसमें काफी पानी भर गया था। रविवार शाम गांव निवासी रामशंकर का बेटा सुमित , गुड्डू का बेटा दुर्गेश और धर्मराज का बेटा दिव्यांश गड्ढे में भरे पानी में नहाने पहुंचे थे। कुछ अन्य बच्चे भी आसपास मौजूद थे।
नहाते समय तीनों किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें डूबता देखकर आसपास मौजूद बच्चों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर फैक्टरी में काम कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे और पानी में उतरकर सुमित व दुर्गेश को बाहर निकाला। हालांकि तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
तीसरे का भी मिला शव
तीसरे बालक दिव्यांश का पता न चलने पर कुर्सी पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद ली। रात में लाइट की व्यवस्था कर तलाश शुरू की गई, जिसके बाद दिव्यांश का शव भी गड्ढे से बरामद कर लिया गया। हादसे की सूचना पर एसडीएम फतेहपुर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। तीनों बच्चों की मौत से परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है और पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।


