TrendingUttar Pradesh

​UP Election 2027 : चंद्रशेखर आजाद का बड़ा ऐलान, बताया यूपी में कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगी आजाद समाज पार्टी

​UP Election 2027 : चंद्रशेखर आजाद का बड़ा ऐलान, बताया यूपी में कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगी आजाद समाज पार्टी

बस्ती, अमृत विचार : आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना लोकसभा क्षेत्र से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति का ऐलान किया है। रविवार को बस्ती के रूधौली विधानसभा क्षेत्र के मानिकचन्द्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी 43 से अधिक विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि जनता के हक की लड़ाई के लिए उनकी पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने 43 सीटों पर विधानसभा प्रभारियों की घोषणा पहले ही कर दी है और अब पूरे प्रदेश में 43 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी तेजी से चल रही है।

‘पीड़ित और वंचितों की लड़ाई लड़ रही पार्टी’

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि आजाद समाज पार्टी पीड़ित, वंचित, मजबूर, युवा, किसान, छात्र और बेरोजगारों के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल चुनाव के दौरान जनता से वादे करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद उन्हें भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी आम जनता की पार्टी है और संगठन को मजबूत करने के लिए वह कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क करेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक सीटें जीतकर जनता की समस्याओं को सदन में उठाने की बात भी उन्होंने कही।

गठबंधन को लेकर भी साफ किया रुख

आजाद समाज पार्टी प्रमुख ने आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर भी अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे दल के साथ गठबंधन करेगी, जो आजाद समाज पार्टी की विचारधारा को आत्मसात करता हो और जनता के बीच मजबूत पकड़ रखता हो। उन्होंने कहा कि ऐसा गठबंधन नहीं होना चाहिए जिसमें आजाद समाज पार्टी के समर्थन से सहयोगी दल चुनाव जीत जाए और बाद में जनता को भूल जाए।

‘नेता सदन में पहुंचेगा, तभी आवाज उठेगी’

चंद्रशेखर आजाद ने कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम बदलने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि जब तक जनता का अपना नेता सदन में नहीं पहुंचेगा, तब तक आम जनमानस की बात सदन तक नहीं पहुंच पाएगी। उन्होंने महापुरुषों के संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के हक के लिए कई महापुरुषों ने अपने परिवार तक का त्याग किया। आज के समय में उनके कार्यों को याद कर समाजहित में लगातार काम करने की जरूरत है।

2022 के चुनाव का भी किया जिक्र

चंद्रशेखर आजाद ने 2022 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि आजाद समाज पार्टी ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा था। उनके मुताबिक, नगीना लोकसभा क्षेत्र में पार्टी ने जीत दर्ज की थी, जबकि डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र में पार्टी को 80 से अधिक मत मिले थे। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी ने पहले ही 43 सीटों पर विधानसभा प्रभारियों की घोषणा कर दी है और अब इससे अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की जा रही है।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply