
हैदरगढ़/बाराबंकी, अमृत विचार: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से यूपी डायल 112 की पीआरवी के चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सभी घायलों को सीएचसी हैदरगढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर यूपी डायल 112 की पीआरवी तैनात थी। इसी दौरान पीआरवी चालक संदीप किसी काम से एक्सप्रेसवे के किनारे नीचे उतरे थे। तभी सुल्तानपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर संदीप से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीआरवी चालक संदीप का पैर टूट गया। वहीं बाइक सवार प्रदीप कुमार और उनके साथ बैठे अवधेश कुमार भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे सुरक्षाकर्मी और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को तत्काल सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर कर दिया।
ः


