
लखनऊ, अमृत विचार। उप्र. विधान परिषद के खंड स्नातक की पांच और खंड शिक्षक की छह सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव का होगा। इन 11 निर्वाचन क्षेत्रों के सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार 23 अक्टूबर सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। 06 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 07 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 09 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर से पहले पूरी कर ली जाएगी।
इन सीटों पर होगा चुनाव
खंड स्नातक में लखनऊ से इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह, वाराणसी से आशुतोष सिन्हा, आगरा से डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह, मेरठ से दिनेश कुमार गोयल और इलाहाबादझांसी से डॉ. मान सिंह यादव का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। खंड शिक्षक में लखनऊ से उमेश द्विवेदी, वाराणसी से लाल बिहारी यादव, आगरा से डॉ. आकाश अग्रवाल, मेरठ से श्रीचंद शर्मा, बरेलीमुरादाबाद से हरी सिंह ढिल्लो और गोरखपुरफैजाबाद से ध्रुव कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल पूरा हो रहा है।
अधिकांश जिलों में आचार संहिता लागू
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। हालांकि कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को इससे बाहर रखा गया है। आचार संहिता भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार प्रभावी रहेगी।



