TrendingUttar Pradesh

​UPITS 2026 : गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के विद्यार्थी बनेंगे वालंटियर, एक्सपो पासपोर्ट से सीखेंगे कारोबारी दुनिया की बारीकियां

​UPITS 2026 :   गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के विद्यार्थी बनेंगे वालंटियर, एक्सपो पासपोर्ट से सीखेंगे कारोबारी दुनिया की बारीकियां

लखनऊ/ग्रेटर नोएडा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 को व्यापार और निवेश के साथ युवाओं के लिए सीखने और व्यावहारिक अनुभव का मंच बनाने की तैयारी है। इसी क्रम में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को आयोजन से सक्रिय रूप से जोड़ा जा रहा है।

25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होने वाले यूपीआईटीएस में विद्यार्थी वालंटियर के रूप में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालेंगे। आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार इस बार आयोजन में अंतरराष्ट्रीय व्यापार, स्टार्टअप, तकनीक, कृषि, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल समेत कई क्षेत्रों पर फोकस रहेगा।

विद्यार्थियों को शटल संचालन, स्कैनिंग, सूचना डेस्क, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नॉलेज सेशन और बी2बी बैठकों जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसके लिए चार वालंटियर टीमों के माध्यम से अलगअलग जिम्मेदारियां देने की योजना है। फैकल्टी सुपरविजन और नोडल संपर्क के जरिए विद्यार्थियों को आयोजन प्रबंधन का व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा।

यूपीआईटीएस में विद्यार्थियों के लिए यंग एंटरप्रेन्योर हंट और स्टार्टअप/फाउंडर जोन प्रस्तावित हैं। यहां उन्हें उद्यमियों और फाउंडर्स से संवाद का अवसर मिलेगा। करियर कॉर्नर में इंटर्नशिप और लाइव प्रोजेक्ट से जुड़े अवसरों की जानकारी दी जाएगी। इससे विद्यार्थी उद्योग की जरूरतों और रोजगार के बदलते अवसरों को करीब से समझ सकेंगे।

एक्सपो पासपोर्ट से सीखेंगे वैश्विक कारोबार

विद्यार्थियों के लिए एक्सपो पासपोर्ट के जरिए 8 से 10 डिस्कवरी टास्क पूरे करने तथा 45 से 60 मिनट की गाइडेड थीम आधारित ट्रेल में भाग लेने की व्यवस्था की गई है। गतिविधियां पूरी करने वालों को प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे। कंट्री वॉल्स और फोटो इंस्टॉलेशन के जरिए विभिन्न देशों की कारोबारी मौजूदगी को समझने का अवसर मिलेगा। 

यूपीआईटीएस में छह साझेदार देश जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस भाग ले रहे हैं तथा बी2बी बैठकों और कारोबारी संवाद की व्यवस्था है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की भागीदारी को केवल भ्रमण तक सीमित न रखकर उसे अनुभवात्मक शिक्षा, उद्यमिता, कौशल और वैश्विक व्यापार की समझ से जोड़ना है। यूपीआईटीएस 2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक होगा।

ये भी पढ़ें :  

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply