
जयसिंहपुर। कोतवाली क्षेत्र के सारंगपुर गांव में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। घर के पास बच्चों के साथ खेल रहा पांच वर्षीय अंकुश अचानक कुएं में गिर गया। जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीन लोगों ने कुएं में उतरकर बच्चे की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चों के साथ खेल रहा था अंकुश
सारंगपुर गांव निवासी बांठा पुत्र हरिराम के घर ननिहाल में रह रहा अंकुश पुत्र मिथुन बुधवार को कुछ बच्चों के साथ घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक कुएं में जा गिरा। बच्चे के कुएं में गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने तत्काल बचाव शुरू किया। तीन ग्रामीण कुएं में उतरे और बच्चे की तलाश कर उसे बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उसे आननफानन में कूरेभार अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने अंकुश को मृत घोषित कर दिया।
पिता ने की थी दूसरी शादी, ननिहाल में रह रहा था बच्चा
बताया गया कि अंकुश का मूल निवास मुंगर सुल्तानपुर के टिकई का पुरवा गांव है। उसके पिता ने कुछ वर्ष पहले दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद से अंकुश अपने ननिहाल सारंगपुर में रह रहा था।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां गोल्डी का रोरोकर बुरा हाल है। वहीं बड़ी बहन महक और छोटा भाई अनमोल भी भाई की मौत से गमगीन हैं। हादसे की खबर के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। कूरेभार थानाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने बताया कि हादसा जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र का है। शव के पोस्टमार्टम समेत अन्य आवश्यक कार्रवाई जयसिंहपुर पुलिस द्वारा की जा रही है।
ः


