
एशियन गेम्स 2026 के चौथे दिन भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। जापान के आइची-नागोया में हो रहे 20वें एशियन गेम्स में भारत के खिलाड़ी कई खेलों में पदक की दौड़ में नजर आ रहे हैं। मौजूदा संस्करण 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
चौथे दिन की शुरुआत भारत के लिए कई अहम मुकाबलों के साथ हुई। शूटिंग, सॉफ्ट टेनिस, कबड्डी, टेबल टेनिस, रोइंग और सेपक टकरा समेत कई खेलों में भारतीय खिलाड़ी मैदान पर उतरे।
जय मीना ने सॉफ्ट टेनिस में जीता ब्रॉन्ज
सॉफ्ट टेनिस में भारत के जय मीना ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। पुरुष सिंगल्स के क्वार्टरफाइनल में उन्होंने फिलीपींस के शेरविन नुगुइट को 4-3 से हराकर कम से कम कांस्य पदक पक्का किया था।
सेमीफाइनल में जय मीना का सामना जापान के ताकुया कुरोसाका से हुआ। रोमांचक मुकाबले में भारतीय खिलाड़ी को 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही जय मीना के नाम कांस्य पदक पक्का हो गया।
जय की इस उपलब्धि को इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि सॉफ्ट टेनिस में यह एशियन गेम्स में भारत का पहला पदक है।
शूटिंग में भारत के खाते में एक और ब्रॉन्ज
महिलाओं की टीम स्कीट स्पर्धा में रायजा ढिल्लों, परिनाज धालीवाल और माहेश्वरी चौहान की भारतीय तिकड़ी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
इसी बीच पुरुषों की स्कीट टीम ने भी भारत के लिए कांस्य पदक हासिल किया। शूटिंग में भारत का प्रदर्शन लगातार चर्चा में बना हुआ है।
महिलाओं की स्कीट व्यक्तिगत स्पर्धा में रायजा ढिल्लों भी पदक की दौड़ में बनी रहीं। एक चरण के बाद वह चौथे स्थान पर थीं, जबकि परिनाज धालीवाल प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।
मनु भाकर फाइनल में पहुंचीं, लेकिन पदक से चूकीं
महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में मनु भाकर ने क्वालिफिकेशन में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने अंतिम सीरीज में 98 का स्कोर किया और कुल मिलाकर तीसरे स्थान पर रहीं।
फाइनल में मनु ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन पदक जीतने में कामयाब नहीं हो सकीं। वह पांचवें स्थान पर रहीं।
ईशा सिंह और सुरुचि इंदर सिंह क्वालिफिकेशन में शीर्ष आठ में जगह नहीं बना सकीं, जिसके चलते इस स्पर्धा के टीम पदक की भारतीय उम्मीद भी खत्म हो गई।
कबड्डी में भारत की लगातार तीसरी जीत
भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। भारत ने बांग्लादेश को 48-25 के बड़े अंतर से हराकर ग्रुप स्टेज में लगातार तीसरी जीत दर्ज की।
भारतीय टीम पूरे मुकाबले में मजबूत स्थिति में रही। अब ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में भारत का सामना चीनी ताइपे से होगा।
टेबल टेनिस में हरमीत-यशस्विनी क्वार्टरफाइनल में
मिक्स्ड डबल्स में भारत के हरमीत देसाई और यशस्विनी घोरपड़े की जोड़ी ने हांगकांग की जोड़ी को 3-1 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली।
भारतीय जोड़ी ने मुकाबला 11-6, 11-5, 10-12, 11-7 के स्कोर से अपने नाम किया।
रोइंग में बलराज पंवार ने फाइनल में बनाई जगह
रोइंग के पुरुष सिंगल्स में भारत के बलराज पंवार ने भी फाइनल में जगह बना ली। उन्होंने अपनी रेस 6 मिनट 52.84 सेकंड में पूरी की और तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं पुरुष पेयर इवेंट में जसविंदर सिंह और नितिन कुमार मुख्य फाइनल में जगह नहीं बना सके। दोनों को फाइनल बी में स्थान मिला, जो पदक के लिए नहीं बल्कि अंतिम रैंकिंग निर्धारित करने के लिए होता है।
कैनो स्प्रिंट में भारतीय टीम फाइनल में
पुरुषों की 500 मीटर कयाक फोर स्पर्धा में भारत की टीम ने फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। हर्षवर्धन शक्तावत, वरिंदर सिंह, एल नाओचा सिंह ओइनम और अरुण सिंह की टीम ने अपनी रेस 1 मिनट 29.447 सेकंड में पूरी की और तीसरे स्थान पर रही।
सेपक टकरा में भारत की लगातार दूसरी जीत
पुरुषों के सेपक टकरा मुकाबले में भारत ने फिलीपींस को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने यह मुकाबला 15-9, 10-15, 15-8 के स्कोर से अपने नाम किया।
अब भारतीय टीम की नजरें अगले मुकाबले पर हैं, जहां जीत के साथ वह अगले दौर में



