
लखनऊ। अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान घरों और दुकानों पर हुई ध्वस्तीकरण कार्रवाई को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए प्रभावित परिवारों के नुकसान की भरपाई की मांग की है। हाल में इस कार्रवाई की जद में आए परिवारों से सपा नेताओं ने मुलाकात भी की थी।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार हर स्तर पर मनमानी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का रवैया कानून, संविधान और नियमों की परवाह किए बिना ध्वस्तीकरण करने वाला है। उनके मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने कई बार बातचीत के माध्यम से सरकार तक अपनी बातें पहुंचाने का प्रयास किया है। सपा अध्यक्ष ने अयोध्या के विकास को लेकर भाजपा के पुराने दावों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा की ओर से अयोध्या को दुनिया के अन्य धार्मिक स्थलों से बेहतर विकसित करने की बात कही जाती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरी तरफ गरीबों के घर, दुकान और रोजगार के स्थानों को तोड़ा जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रभावित परिवार उनके सामने अपनी समस्याएं लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी ओर से कोई पक्ष रख सकती है, लेकिन उसकी नीयत साफ होनी चाहिए और गरीबों के प्रति रवैया उदार होना चाहिए।उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों की पूंजी उनके घरमकान और दुकानों में लगी होती है। ऐसे में कम से कम उन्हें अपना सामान निकालने का समय दिया जाना चाहिए था। अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रभावित लोगों के घरमकान और दुकानें तोड़ दी गईं और सरकार ने उनकी परेशानियों की परवाह नहीं की।
सरकार को करनी चाहिए नुकसान की भरपाई : अखिलेश
सपा अध्यक्ष ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार को उनके हुए नुकसान की भरपाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ऐसा नहीं करती है तो भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर नुकसान की भरपाई करने का काम किया जाएगा।
गौरतलब है कि अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के विस्तार के लिए प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में कई भवन प्रभावित हुए हैं। इस मुद्दे पर प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग भी सामने आई है।


