TrendingUttar Pradesh

​’30 सितंबर तक पेंशन निपटाएं, अक्टूबर तक सड़कें गड्ढामुक्त करें’… लखनऊ मंडलायुक्त के अफसरों को सख्त निर्देश

​’30 सितंबर तक पेंशन निपटाएं, अक्टूबर तक सड़कें गड्ढामुक्त करें’… लखनऊ मंडलायुक्त के अफसरों को सख्त निर्देश

लखनऊः मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयुक्त सभागार में लखनऊ मंडल के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और ‘सेवा संकल्प अभियान’ की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में लखनऊ, हरदोई, खीरी, रायबरेली, सीतापुर और उन्नाव में संचालित योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और तय समयसीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त शिवाकांत द्विवेदी के साथ मंडल के सभी जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। संबंधित विभागों के मंडलीय और जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

सेवा संकल्प अभियान में 34 रक्तदान शिविर, 533 लोगों ने किया रक्तदान

17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान की जनपदवार समीक्षा की गई। 17 से 21 सितंबर के बीच मंडल के छह जिलों में सेवा दिवस, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, फल वितरण, टूलकिट वितरण, वृक्षारोपण, नुक्कड़ नाटक और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण देने जैसी गतिविधियां हुईं।

अब तक मंडल में 34 रक्तदान शिविरों में 533 लोगों ने रक्तदान किया है। वहीं 5,775 मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी लाभ और 1,460 लाभार्थियों को विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत टूलकिट वितरित की गई हैं।

बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा हुई। इनमें ‘मेरे सपनों का भारत—चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ और ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ शामिल हैं।

112 में से 108 पंचायत उत्सव भवन पूरे

ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 202526 के तहत मंडल में पंचायत उत्सव भवन के 112 कार्यों में से 108 पूरे हो चुके हैं। इनकी समग्र प्रगति 96.43 प्रतिशत है।

डिजिटल लाइब्रेरी के तहत मंडल की सभी 1,093 ग्राम पंचायतों में फर्नीचर और पुस्तकों की आपूर्ति पूरी दर्ज की गई है।

पेयजल योजनाओं में 87.23 प्रतिशत परिवार आच्छादित

जल निगम की योजनाओं की समीक्षा में बताया गया कि मंडल में कुल 30,92,483 लक्षित परिवारों में से 26,97,446 परिवारों को जलापूर्ति से जोड़ा गया है। यह प्रगति 87.23 प्रतिशत है।

जनपदवार प्रगति में हरदोई 98.33 प्रतिशत, खीरी 97.77 प्रतिशत, लखनऊ 98.10 प्रतिशत, रायबरेली 94.38 प्रतिशत, सीतापुर 98.10 प्रतिशत और उन्नाव 33.35 प्रतिशत दर्ज किया गया।

मंडलायुक्त ने लक्षित परिवारों तक नियमित जलापूर्ति और पेयजल संयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

30 सितंबर तक सभी लंबित पेंशन प्रकरण निपटाने के निर्देश

वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य पेंशन योजनाओं की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 30 सितंबर 2026 तक सभी लंबित पेंशन प्रकरणों का शतप्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पात्र लाभार्थियों को समय से पेंशन का लाभ मिले और किसी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो।

मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और दिव्यांगजन सशक्तीकरण समेत अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं की प्रगति भी देखी गई।

लंबित निर्माण परियोजनाओं में तेजी के निर्देश

मंडलायुक्त ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित और अधूरी निर्माण परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की। ग्रामीण अभियंत्रण सेवा, नगर निगम लखनऊ, लोक निर्माण विभाग, लखनऊ विकास प्राधिकरण और जल निगम समेत विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं की परियोजनाओं पर चर्चा हुई।

उन्होंने संबंधित संस्थाओं को काम में तेजी लाकर परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने और नियमित मॉनीटरिंग के निर्देश दिए।

अक्टूबर तक चिन्हित सड़कें होंगी गड्ढामुक्त

सड़क मरम्मत और गड्ढामुक्त अभियान की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग समेत संबंधित विभागों को सभी चिन्हित कार्य अक्टूबर 2026 के अंत तक पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्यों में देरी न हो और काम पूरा होने के बाद गुणवत्ता की जांच भी कराई जाए।

एक साल से पुराने राजस्व वादों पर फोकस

राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान धारा34 और धारा35 के तहत एक वर्ष से तीन वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित मुकदमों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।

मंडलायुक्त ने पुराने मामलों की नियमित समीक्षा, प्रभावी पैरवी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता पर जोर

आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने अधिकारियों को केवल औपचारिक निस्तारण से बचने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायत के मूल बिंदु की जांच कर तथ्यपरक, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फोन पर बात कर उसकी संतुष्टि की जानकारी लेने और असंतुष्ट फीडबैक वाली शिकायतों का दोबारा परीक्षण करने के भी निर्देश दिए गए।

गोशालाओं की निगरानी बढ़ाने के निर्देश

पशुपालन विभाग की समीक्षा में लम्पी स्किन डिजीज से बचाव के लिए टीकाकरण, गोशालाओं के प्रबंधन और निराश्रित गोवंश के संरक्षण की स्थिति देखी गई।

मंडलायुक्त ने ब्लॉक और उपजिलाधिकारी स्तर पर नियमित निगरानी के निर्देश दिए। गोशालाओं में हरे चारे और अन्य आहार की पर्याप्त उपलब्धता, स्वच्छता तथा बीमार और कमजोर गोवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने को कहा।

सेना की फायरिंग रेंज के लिए 250300 एकड़ भूमि तलाशने के निर्देश

भारतीय सेना के प्रस्तावित फायरिंग रेंज के लिए करीब 250 से 300 एकड़ भूमि के चयन की प्रक्रिया की भी समीक्षा हुई। मंडलायुक्त ने ऐसी भूमि को प्राथमिकता देने को कहा, जहां लोलैंड क्षेत्र उपलब्ध हो और फायरिंग रेंज की जरूरतों के अनुरूप जमीन उपयुक्त हो।

उन्होंने सीतापुर और लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारियों को संभावित भूमि का परीक्षण कर उपयुक्त जमीन के चयन की कार्रवाई प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर भूमि की उपलब्धता और उपयुक्तता की जांच के बाद प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा गया।

ः

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply