
रवि प्रकाश सिंह चंदन/प्रतापगढ़ अमृत विचार : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मन की बात’ 138 वें एपीसोड कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की ऐतिहासिक पहचान और यहाँ के आंवला उद्योग की सराहना की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आंवला हमारे घरों में आचार, मुरब्बे, जूस और सर्दियों में च्यवनप्राश के रूप में एक जानापहचाना नाम रहा है, लेकिन अब यह प्रतापगढ़ में नई संभावनाओं का माध्यम बन रहा है।
ODOP से मिला आंवला उद्योग को बढ़ावा
प्रतापगढ़ और आंवले के पुराने रिश्ते का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यहाँ के किसान पीढ़ियों से इसकी खेती करते आए हैं। ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना ने इस पारंपरिक पहचान को और मजबूती दी है, जिससे स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा मिला है।
100 प्रोसेसिंग यूनिट्स और महिला सशक्तिकरण
प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि वर्तमान में प्रतापगढ़ में आंवला प्रोसेसिंग से जुड़ी करीब 100 इकाइयां काम कर रही हैं। इसमें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अहम भूमिका निभा रही हैं, जिससे क्षेत्र के किसानों और महिलाओं के लिए रोजगार व विकास के नए द्वार खुल रहे हैं।



