
सूरतगंज, बाराबंकी, अमृत विचार : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरतगंज का रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम ने औचक निरीक्षण किया। सीएमओ के पहुंचते ही चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों में हलचल बढ़ गई। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ उपचार के लिए पहुंचे मरीजों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जानी। डॉ. रंजन गौतम ने मरीजों से दवा, जांच और उपचार समय पर मिलने तथा किसी प्रकार की परेशानी होने के बारे में जानकारी ली।
मरीजों से मिले फीडबैक के आधार पर उन्होंने संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। सीएमओ ने चिकित्सकों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कोई भी मरीज स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। गंभीर मरीजों को प्राथमिकता से उपचार देने और जरूरत पड़ने पर तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने में लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से सम्मानजनक व्यवहार करने, अस्पताल में साफसफाई और अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।
डॉ. गौतम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बड़ी आबादी उपचार के लिए सीएचसी पर निर्भर है। इसलिए यहां बेहतर, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ं :


