
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया मंगलवार से शुरू होगी। स्नातक क्षेत्र की पांच और शिक्षक क्षेत्र की छह सीटों पर निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल छह दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। 29 सितंबर को चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंडलायुक्तों और रिटर्निंग अधिकारियों को नामांकन प्रक्रिया और जरूरी प्रपत्रों के संबंध में प्रशिक्षण दिया। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबादझांसी तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेलीमुरादाबाद और गोरखपुरफैजाबाद सीटें शामिल हैं। नामांकन लखनऊ, मेरठ, आगरा, वाराणसी, बरेली, झांसी और गोरखपुर में होगा।
प्रत्याशी का स्नातक या शिक्षक होना जरूरी नहीं
इन सीटों से चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी का स्वयं स्नातक या शिक्षक होना अनिवार्य नहीं है। राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों को फार्म ए और बी देना होगा। सामान्य प्रत्याशी के लिए जमानत राशि 10 हजार और एससीएसटी प्रत्याशी के लिए पांच हजार रुपये निर्धारित है।
आज से मंडलायुक्त कार्यालय में शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
एमएलसी चुनाव में नामांकन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो रही है। प्रत्याशी नामांकन मंडलायुक्त कार्यालय में करेंगे। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने व्यवस्था में बदलाव किया है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने तथा आमजन को आवागमन में असुविधा से बचाने के दृष्टिगत समय प्रातः 8:00 बजे से नामांकन समाप्ति तक डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है। इस दौरान इमरजेंसी की स्थिति में यातायात पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9454405155 पर सूचना देने पर विशेष व्यवस्था की जा सकेगी।
यहां रहेगी रोक:
क्लार्क अवध तिराहा से सीडीआरआई तिराहा, कमिश्नर कार्यालय मोड़ एवं डालीगंज पुल चौराहा की ओर प्रतिबंधित रहेगा।
स्वास्थ्य भवन तिराहा से सीडीआरआई तिराहा होते हुए कमिश्नर कार्यालय मोड़ एवं डालीगंज पुल चौराहा की ओर रोक रहेगी।
सुभाष चौराहा से क्लार्क अवध तिराहा, सीडीआरआई तिराहा, कमिश्नर कार्यालय मोड़ एवं डालीगंज पुल चौराहा की ओर रोक रहेगी।
चकबस्त चौराहा से स्वास्थ्य भवन चौराहा एवं सीडीआरआई तिराहा की ओर रोक रहेगी।
डालीगंज चौराहा से सुभाष चौराहा की ओर प्रतिबंधित रहेगा।
शहीद स्मारक/रेजीडेंसी तिराहा से कमिश्नर कार्यालय मोड़, सीडीआरआई तिराहा, क्लार्क अवध तिराहा एवं सुभाष चौराहा की ओर रोक रहेगी।
यहां से जाएं:
ये वाहन चिरैयाझील तिराहा अथवा सुभाष चौराहा होकर जा सकेंगे।
ये वाहन सीडीआरआई तिराहा से क्लार्क अवध तिराहा, सुभाष चौराहा अथवा चिरैयाझील तिराहा होकर जा सकेंगे।
ये वाहन हनुमान सेतु मंदिर चौराहा अथवा कैसरबाग होकर जा सकेंगे।
ये वाहन सीएमओ कार्यालय अथवा सफेद बारादरी होते हुए जा सकेंगे।
ये वाहन डालीगंज इक्कातांगा स्टैंड चौराहा अथवा ग्रीन कॉरिडोर होते हुए जा सकेंगे।
ये वाहन सीएमओ कार्यालय होते हुए जा सकेंगे।



