India

​कार लॉक हो गई और चाबी अंदर रह गई? भूलकर भी न करें ये गलती, हो सकता है बड़ा नुकसान

जल्दबाजी में कार से बाहर निकलते वक्त कई बार चाबी अंदर ही रह जाती है और दरवाजा लॉक हो जाता है. ऐसे समय में घबराहट होना स्वाभाविक है. लेकिन जल्दबाजी में कार खोलने के लिए गलत तरीका अपनाना परेशानी को और बढ़ा सकता है. कुछ लोग खिड़की तोड़ने, लॉक में तार या पेचकस डालने और दरवाजे को जोर से खींचने जैसी कोशिश करते हैं. इससे कार का लॉक, वायरिंग, शीशा या दरवाजा खराब हो सकता है और बाद में मरम्मत का खर्च भी बढ़ सकता है. इसलिए ऐसी स्थिति में सबसे पहले शांत रहें और कार को नुकसान पहुंचाने वाला कोई तरीका आजमाने से बचें.

​कार लॉक हो गई और चाबी अंदर रह गई? भूलकर भी न करें ये गलती, हो सकता है बड़ा नुकसान

कार का शीशा तोड़ने की कोशिश न करें

अंदर रह जाने पर खिड़की तोड़ना सबसे आसान रास्ता लग सकता है, लेकिन ऐसा करना नुकसानदेह हो सकता है. शीशा टूटने से चोट लगने का खतरा रहता है. इसके अलावा नया ग्लास लगवाने और कार के अंदर बिखरे कांच को साफ कराने का खर्च भी उठाना पड़ सकता है.

इसलिए सिर्फ चाबी अंदर लॉक होने की वजह से शीशा तोड़ना सही विकल्प नहीं है. हां, अगर कार के अंदर बच्चा या पालतू जानवर फंसा है और उसकी जान को तत्काल खतरा है, तो स्थिति अलग हो सकती है. ऐसे में खुद से कांच तोड़ने के बजाय तुरंत इमरजेंसी सहायता लेना ज्यादा सुरक्षित रहेगा.

लॉक में तार या पेचकस न डालें

कई लोग पुराने जुगाड़ के तौर पर तार, स्केल या पेचकस से लॉक खोलने की कोशिश करते हैं. नई कारों में यह तरीका नुकसान कर सकता है. दरवाजे के अंदर लॉकिंग मैकेनिज्म के साथ वायरिंग और इलेक्ट्रॉनिक सेंसर भी हो सकते हैं.

गलत जगह कोई चीज डालने या दबाने से लॉकिंग सिस्टम खराब हो सकता है. अगर कोई वस्तु अंदर फंस गई, तो सामान्य लॉकआउट के मुकाबले मरम्मत का खर्च और बढ़ सकता है.

दरवाजे को ताकत से न खींचें

लॉक दरवाजा बारबार जोर लगाकर खींचना भी नुकसान पहुंचा सकता है. इससे डोर हैंडल, और रबर सील खराब होने का खतरा रहता है. दरवाजे और कार की बॉडी के बीच जगह बनाने के लिए किसी वस्तु का इस्तेमाल करने से बॉडी या फ्रेम भी डैमेज हो सकता है. ऐसे नुकसान के बाद दरवाजा ठीक से बंद न होने या पानी और हवा अंदर आने जैसी दिक्कतें भी हो सकती हैं.

पहले स्पेयर चाबी और डिजिटल विकल्प देखें

कार लॉक होने पर सबसे पहले स्पेयर चाबी का पता करें. अगर दूसरी चाबी घर पर है, तो किसी परिवार के सदस्य से उसे मंगवाना सबसे आसान समाधान हो सकता है.

कई नई कारों में मोबाइल ऐप, डिजिटल की या रिमोट अनलॉक जैसे विकल्प भी मिलते हैं. अगर आपकी कार में ऐसी सुविधा है, तो उसे जरूर चेक करें. साथ ही दूसरे दरवाजे और बूट को भी एक बार देख लें. संभव है कि कोई हिस्सा लॉक न हुआ हो.

रोडसाइड असिस्टेंस सबसे सुरक्षित ऑप्शन

अगर कोई आसान तरीका काम नहीं करता, तो कार कंपनी की रोडसाइड असिस्टेंस सर्विस से संपर्क करना बेहतर रहेगा. अगर यह सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो किसी भरोसेमंद ऑटो लॉकस्मिथ की मदद ली जा सकती है.

एक्सपर्ट के पास कार का लॉक सुरक्षित तरीके से खोलने के लिए सही उपकरण और अनुभव होता है. खासकर नई या महंगी कार में खुद से कोई जुगाड़ आजमाने के बजाय प्रोफेशनल मदद लेना समझदारी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply