IndiaUttar Pradesh

​ग्रेटर नोएडा: किसी की FD टूटी, किसी के खाते से करोड़ों गायब… PNB में कैसे कर्मचारियों ने की 35 करोड़ की हेराफेरी?

Greater Noida PNB Fraud: ग्रेटर नोएडा के पंजाब नेशनल बैंक की ऐच्छर गांव स्थित शाखा में करीब 35 करोड़ रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आया है. आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने खाताधारकों की एफडी समय से पहले तोड़कर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी. कई लोगों ने अपने खातों से लाखों और करोड़ों रुपये गायब होने की शिकायत की है. मामला सामने आने के बाद बैंक मैनेजर समेत पांच कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है. वहीं, बीटा2 कोतवाली में अब तक 16 लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस के साथ एंटी करप्शन टीम भी मामले की जांच कर रही है.

​ग्रेटर नोएडा: किसी की FD टूटी, किसी के खाते से करोड़ों गायब… PNB में कैसे कर्मचारियों ने की 35 करोड़ की हेराफेरी?

ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव स्थित पीएनबी शाखा में कई खाताधारकों ने अपनी बचत और एफडी के रूप में बड़ी रकम जमा कर रखी थी. आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने खाताधारकों की जानकारी के बिना उनकी एफडी तोड़ दी और पैसे दूसरे खातों में भेज दिए. जब लोगों को इसकी जानकारी हुई तो वे बैंक पहुंचे और अपनी रकम के बारे में पूछताछ की. इसके बाद हेराफेरी का मामला सामने आया.

ट्रांसपोर्टर के 25 लाख रुपये गायब

ऐच्छर गांव के रहने वाले ट्रांसपोर्टर विनीत भाटी ने मंगलवार को बीटा2 कोतवाली में शिकायत दी. विनीत जय शिव ट्रांसपोर्ट नाम से फर्म चलाते हैं और उनका पीएनबी में करंट अकाउंट है. उन्होंने बताया कि म्यूचुअल फंड में निवेश करने के लिए बैंक कर्मचारियों से संपर्क किया था.

ब्रांच मैनेजर के कहने पर उन्होंने चेक और संबंधित ब्रोशर पर हस्ताक्षर किए थे. आरोप है कि उनके 25 लाख रुपये सेविंग अकाउंट में ट्रांसफर करने के बजाय किसी दूसरे खाते में भेज दिए गए. यह खाता भी विनीत भाटी के नाम से बताया गया, लेकिन उनका कहना है कि वह खाता उनका नहीं है. उन्होंने पुलिस से रकम वापस दिलाने और कर्मचारियों की भूमिका की जांच करने की मांग की है.

जमीन के मुआवजे में मिले एक करोड़ से ज्यादा रुपये गायब

एक अन्य खाताधारक ने बताया कि नोएडा एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के बाद उनकी मां के खाते में करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपये का मुआवजा आया था. परिवार ने इसमें से केवल 15 लाख रुपये निकाले थे. आरोप है कि अब खाते से एक करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम गायब है. पीड़ित परिवार ने बैंक से रकम वापस दिलाने की मांग की है.

बैंक मैनेजर समेत पांच कर्मचारी सस्पेंड

मामला सामने आने के बाद पीएनबी के क्षेत्रीय कार्यालय ने ब्रांच मैनेजर समेत पांच कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है. उनकी जगह नए स्टाफ की तैनाती की गई है. बैंक से जुड़े लोगों ने खाताधारकों को भरोसा दिया है कि उनकी रकम अगले दिन तक खातों में वापस आ जाएगी. हालांकि, बैंक की ओर से इस मामले में विस्तृत आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.

वहीं, बीटा2 कोतवाली पुलिस को अब तक 16 लोगों की शिकायतें मिली हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. एंटी करप्शन टीम भी कथित गड़बड़ी की जांच कर रही है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply