CrimeIndiaMadhya PradeshTrending

​​​​​करवाचौथ पर जेठ ने दिया बिछिया का तोहफा, पति के मन में बैठा शक बना पत्नी की मौत की वजह

​​​​​करवाचौथ पर जेठ ने दिया बिछिया का तोहफा, पति के मन में बैठा शक बना पत्नी की मौत की वजह

ग्वालियर, मध्य प्रदेश: करवाचौथ के दिन पत्नी के लिए रखा गया व्रत भी उसे नहीं बचा सका। ग्वालियर के मुरार इलाके में पति ने शक के चलते अपनी पत्नी मधु श्रीवास्तव की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी को संदेह था कि उसकी पत्नी का उसके बड़े भाई से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

जानकारी के मुताबिक, त्यागी नगर निवासी आनंद श्रीवास्तव को इस बात पर भी शक था कि करवाचौथ के मौके पर उसके बड़े भाई ने मधु को बिछिया उपहार में दी थीं। बुधवार रात इसी मुद्दे पर दोनों के बीच काफी झगड़ा हुआ। मधु लगातार आरोपों से इनकार करती रही और पति को समझाने की कोशिश करती रही।

आरोप है कि रात में जब मधु सो गई तो आनंद ने खलबत्ते के मूसल से उसके सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी करीब दो घंटे तक शव के पास बैठकर रोता रहा। फिर सुबह करीब 10:30 बजे खुद डायल-112 पर फोन कर पुलिस को हत्या की जानकारी दी।

दो बच्चों के सामने उजड़ गया परिवार

आनंद और मधु के दो बच्चे हैं। पुलिस पूछताछ में बच्चों ने बताया कि रात में माता-पिता के बीच झगड़े की आवाजें आ रही थीं। वे दूसरे कमरे में सो गए थे। सुबह दरवाजा बाहर से बंद था और पिता उन्हें बाहर नहीं आने दे रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी का अपने बड़े भाई से संपत्ति को लेकर भी विवाद था। पुलिस अधिकारियों ने शुरुआती जांच में इसी विवाद और पत्नी के चरित्र को लेकर किए जा रहे शक को हत्या की वजह बताया है। आरोपी के मानसिक स्वास्थ्य का इलाज चलने की बात भी परिजनों और पड़ोसियों ने बताई है।

सत्यम रिपोर्ट: पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पत्नी पर लगाए गए संदेह की कोई पुष्टि नहीं हुई थी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply