
नई दिल्ली: करवा चौथ के दिन दिल्ली पुलिस को एक ऐसी शिकायत मिली, जिसने पुलिसकर्मियों को भी हैरान कर दिया। आउटर दिल्ली के निहाल विहार थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पीसीआर कॉल कर आरोप लगाया कि वह करीब एक साल बाद अपने घर लौटा है, लेकिन उसकी पत्नी उसके साथ व्रत खोलने को तैयार नहीं है।
पत्नी के व्यवहार से नाराज होकर किया फोन
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, व्यक्ति ने बताया कि लंबे समय बाद घर पहुंचने पर उसे पत्नी के पास किसी दूसरे व्यक्ति के मौजूद होने का शक हुआ। उसका आरोप था कि करवा चौथ के दिन भी पत्नी उसका चेहरा देखकर व्रत नहीं खोल रही है। इसी बात से परेशान होकर उसने पुलिस से मदद मांगी।
निहाल विहार थाने में दर्ज हुई कॉल
यह मामला दिल्ली के श्रीराम कॉलोनी इलाके का बताया जा रहा है। पुलिस की जनरल डायरी (GD) में दर्ज जानकारी के अनुसार, पीसीआर कॉल मिलने के बाद संबंधित अधिकारी को सूचना दी गई और पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया।
फिलहाल सामने आई जानकारी शिकायतकर्ता के आरोपों पर आधारित है। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा सामने नहीं आया है।
सत्यम रिपोर्ट: यह खबर उपलब्ध पुलिस रिकॉर्ड और प्रकाशित रिपोर्ट में दी गई जानकारी के आधार पर तैयार की गई है।



