BollywoodIndia

​Aishwarya Rai ने मॉडलिंग से शुरू कर जीता Miss World खिताब, अभिनय में बनाई खास पहचान

बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय आज यानी की 01 नवंबर को अपना 53वां जन्मदिन मना रही हैं। वह अपनी खूबसूरती और शानदार अभिनय के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं। ऐश्वर्या ने मॉडलिंग से अपने करियर की शुरूआत की थी। फिर साल 1994 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतकर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई। हालांकि इस बात की जानकारी काफी कम लोगों को है कि ऐश्वर्या राय अभिनेत्री नहीं बल्कि आर्किटेक्ट बनना चाहती थीं। लेकिन किस्मत उनको फिल्मों की ओर खींच लाई। तो आइए जानते हैं उनके जन्मदिन के मौके पर अभिनेत्री ऐश्वर्या राय के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में…

​Aishwarya Rai ने मॉडलिंग से शुरू कर जीता Miss World खिताब, अभिनय में बनाई खास पहचान

जन्म और परिवार

कर्नाटक के मैंगलोर में 01 नवंबर 1973 को ऐश्वर्या राय का जन्म हुआ था। इनके पिता का नाम कृष्णराज राय था, जोकि मरीन इंजीनियर थे और मां वृंदा राय लेखिका हैं। परिवार के मुंबई आने के बाद ऐश्वर्या राय ने अपनी पढ़ाई मुंबई से पूरी की। कॉलेज के दिनों में वह आर्किटेक्चर की पढ़ाई कर रही थीं। तभी उनकी दिलचस्पी मॉडलिंग में बढ़ने लगी और उनको विज्ञापनों में काम मिलने लगा। ऐश्वर्या राय आमिर खान और महिमा चौधरी के साथ एक कोल्ड ड्रिंक के एड में काम किया, जिसके बाद ऐश्वर्या काफी चर्चा में आ गई थीं।

मिस वर्ल्ड बनीं ऐश्वर्या

ऐश्वर्या राय के लिए साल 1994 सबसे अहम साल साबित हुआ। इस साल उन्होंने मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। जहां पर ऐश्वर्या राय फर्स्ट रनरअप रहीं और सुष्मिता सेन ने खिताब जीता। इसके बाद उन्होंने मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया और वह विजेता भी बनीं। मिस वर्ल्ड बनने के बाद ऐश्वर्या ने पढ़ाई जारी रखने की कोशिश की, लेकिन लगातार काम मिलने के कारण उनका करियर फिल्मों की ओर ज्यादा बढ़ गया।

इस फिल्म से मिली पहचान

साल 1997 में ऐश्वर्या राय ने मणिरत्नम की तमिल फिल्म ‘इरुवर’ से अभिनय की शुरूआत की थी। इस साल अभिनेत्री की हिंदी फिल्म ‘और प्यार हो गया’ रिलीज हुई थी। हालांकि ऐश्वर्या राय को बड़ी सफलता साल 1999 में आई फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ से मिली थी। इस फिल्म में ऐश्वर्या के रोल लिए उनको फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार मिला था। फिर साल 2002 में आई फिल्म ‘देवदास’ ने ऐश्वर्या के फिल्मी करियर को नई ऊंचाइयां दीं। इस फिल्म में अभिनेत्री की अदाकारी को खूब सराहा गया था।

इसके बाद अभिनेत्री ऐश्वर्या राय ने ‘धूम 2’, ‘गुरु’, ‘जोधा अकबर’, ‘रोबोट’, ‘गुजारिश’ और ‘ऐ दिल है मुश्किल’ जैसी फिल्मों में भी काम किया। एक्ट्रेस ने हिंदी के अलावा बंगाली, तमिल और अंग्रेजी फिल्मों में भी काम किया। वह साल 2003 में कान्स फिल्म फेस्टिवल की जूरी का हिस्सा बनीं। फिर साल 2009 में ऐश्वर्या राय को भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उनको फ्रांस सरकार ने भी ऑर्डर ऑफ आर्ट्स एंड लेटर्स सम्मान दिया।

पर्सनल लाइफ

वहीं 20 अप्रैल 2007 में ऐश्वर्या राय ने अभिनेता अभिषेक बच्चन से शादी रचाई थी। नवंबर 2011 में दोनों एक बेटी आराध्या के मातापिता बने। शादी और मां बनने के बाद भी अभिनेत्री ने फिल्मों में काम करना जारी रखा। आज ऐश्वर्या राय भारतीय सिनेमा की उन एक्ट्रेसज में शामिल हैं, जिन्होंने देश के साथसाथ विदेश में भी अपनी एक अलग पहचान बनाई है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply