
खरड़, पंजाब: गांव मामूपुर में पारिवारिक रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि आधी रात को एक व्यक्ति कुल्हाड़ी लेकर अपनी भाभी के घर पहुंचा और दरवाजा खुलते ही उनके सिर पर कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान करनैल कौर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी देवर मोहकम सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात करीब 2 बजे कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा आरोपी
मृतका के बेटे हरतेज सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 29 अक्टूबर की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। उसका चाचा मोहकम सिंह घर के पास बने शेड में भैंसों के साथ बने कमरे में सो रहा था।
हरतेज के अनुसार, रात करीब 2 बजे मोहकम सिंह कुल्हाड़ी लेकर उनके घर पहुंचा और दरवाजों पर वार करने लगा। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग डर गए और बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।
दरवाजा खोलते ही भाभी पर किया हमला
शिकायतकर्ता ने बताया कि इसी दौरान उसकी मां करनैल कौर ने दरवाजा खोला। आरोप है कि दरवाजा खुलते ही मोहकम सिंह ने कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से उनके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से करनैल कौर जमीन पर गिर पड़ीं।
परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया, लेकिन तब तक करनैल कौर की मौत हो चुकी थी।
आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर भी किया गया दावा
हरतेज सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका चाचा मोहकम सिंह मानसिक रूप से परेशान रहता है और उसका इलाज भी चल रहा है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपी की स्थिति को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
घटना की सूचना मिलने के बाद घड़आं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी मोहकम सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।
Satya Report Disclaimer: यह खबर परिजनों की शिकायत और उपलब्ध रिपोर्टों पर आधारित है। घटना के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया जारी है।



