EPFO: शेयर बाजार में जब भी बड़ी गिरावट आती है, तो नौकरीपेशा लोगों की चिंता बढ़ जाती है. हर महीने सैलरी से कटने वाले प्रोविडेंट फंड को लेकर मन में सवाल उठता है कि कहीं बाजार के साथ ये जमापूंजी भी तो नहीं डूब जाएगी. रिटायरमेंट के बाद की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए ये रकम बेहद अहम होती है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन आपके इस पैसे को सिर्फ अपनी तिजोरी में बंद करके नहीं रखता, बल्कि इसे अलगअलग जगहों पर निवेश करके इस पर कमाई भी करता है.

कहां निवेश होता है पीएफ का पैसा
EPFO कर्मचारियों के फंड को किसी एक जगह लगाने के बजाय अलगअलग वित्तीय साधनों में बांटता है. इसका मकसद पैसे की सुरक्षा के साथसाथ बेहतर रिटर्न हासिल करना है. आपके पीएफ फंड का सबसे बड़ा हिस्सा सरकारी प्रतिभूतियों या सरकारी बॉन्ड में लगाया जाता है. ये निवेश काफी सुरक्षित माने जाते हैं. इनसे नियमित कमाई होने की पूरी संभावना रहती है. सरकारी बॉन्ड के अलावा, EPFO कॉरपोरेट बॉन्ड या दूसरे कर्ज आधारित साधनों में भी रकम लगाता है.
जहां तक शेयर बाजार की बात है, तो EPFO कभी भी किसी कंपनी के शेयर सीधे तौर पर नहीं खरीदता है. शेयर बाजार में पैसा लगाने के लिए एक्सचेंज ट्रेडेड फंड का रास्ता चुना जाता है. इन फंड्स के जरिए सेंसेक्स या निफ्टी जैसे बड़े शेयर बाजार इंडेक्स में शामिल कंपनियों में पैसा लगाया जाता है.
नियम से तय होता है निवेश
पीएफ का पैसा कहां और कितना लगेगा, ये फैसला EPFO अपनी मर्जी से या मनमाने तरीके से नहीं ले सकता. इसके लिए केंद्र सरकार की तरफ से सख्त नियम और सीमाएं तय की गई हैं. निवेश की पूरी प्रक्रिया केंद्रीय न्यासी बोर्ड के अलावा सरकार के दिशानिर्देशों के मुताबिक ही होती है. इसके साथ ही, पोर्टफोलियो को संभालने से लेकर निवेश के फैसलों में पेशेवर फंड मैनेजर भी अहम भूमिका निभाते हैं. इन सभी नियमों का एक ही मकसद है कि कर्मचारियों की मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखते हुए उस पर अच्छा मुनाफा कमाया जा सके.
हर साल कैसे तय होती है ब्याज दर
पीएफ पर मिलने वाली ब्याज दर हर साल एक समान रहे, ये जरूरी नहीं है. हर वित्त वर्ष में इस बात की समीक्षा की जाती है कि निवेश किए गए पैसे से कितनी कमाई हुई है. फंड की मौजूदा आर्थिक स्थिति को देखने के बाद केंद्रीय न्यासी बोर्ड पीएफ की ब्याज दर तय करने की सिफारिश करता है. इस सिफारिश पर आखिरी मुहर केंद्र सरकार लगाती है. सरकार की मंजूरी मिलने के बाद ही नई ब्याज दर का आधिकारिक ऐलान किया जाता है. अभी EPFO अपने सदस्यों को पीएफ जमा पर 8.25 फीसदी सालाना ब्याज दे रहा है. आने वाले समय में फंड की कमाई या दूसरे वित्तीय पहलुओं के आधार पर इसमें बदलाव भी हो सकता है.
बाजार गिरने पर भी क्यों सुरक्षित है पीएफ
शेयर बाजार में गिरावट आने पर पीएफ खाताधारकों का चिंतित होना स्वाभाविक है, लेकिन इस फंड की बनावट इसे जोखिम से बचाती है. चूंकि पीएफ का पूरा पैसा शेयर बाजार में नहीं लगता, इसलिए इसके डूबने का खतरा नहीं रहता. फंड का बड़ा हिस्सा सरकारी या कॉरपोरेट बॉन्ड में होने से एक स्थिर कमाई लगातार आती रहती है. वहीं, ETF के जरिए शेयर बाजार में लगा पैसा लंबे समय में अतिरिक्त मुनाफा कमाने का मौका देता है. अलगअलग जगहों पर पैसा लगाकर EPFO जोखिम को पूरी तरह संतुलित कर लेता है. यही कारण है कि शेयर बाजार के उतारचढ़ाव का सीधा असर आपके पीएफ खाते की ब्याज दर पर नहीं पड़ता है.



