BollywoodIndia

​पहले पोहा खाऊंगा फिर शो करूंगा, बम की धमकियों के बीच Diljit Dosanjh ने इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर दिया मजेदार जवाब

ग्लोबल म्यूजिक सेंसेशन और पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने ऑरा इंडिया टूर 2026 को लेकर खूब सुर्खियों में हैं। दिल्ली में धमाकेदार शो करने के बाद अब दिलजीत 15 नवंबर को इंदौर में अपना लाइव कॉन्सर्ट करने वाले हैं। लेकिन इस शो से ठीक पहले इंदौर के कई स्कूलों, मेयर ऑफिस और अब मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर बेंच को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल्स मिलने से हड़कंप मच गया है। इन धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं।

​पहले पोहा खाऊंगा फिर शो करूंगा, बम की धमकियों के बीच Diljit Dosanjh ने इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर दिया मजेदार जवाब

हाई कोर्ट की ग्वालियर बेंच को मिला धमकी भरा ईमेल

मंगलवार को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर बेंच की ऑफिशियल वेबसाइट पर एक धमकी भरा ईमेल आया। इस मेल में हाई कोर्ट की बिल्डिंग को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी और इसमें 15 नवंबर को होने वाले दिलजीत के कॉन्सर्ट का भी सीधा जिक्र था।

ग्वालियर सीएसपी रॉबिन जैन ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अलर्ट पर है और हाई कोर्ट की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए इंदौर और भोपाल पुलिस की साइबर टीमों की भी मदद ली जा रही है ताकि मेल भेजने वाले का जल्द पता लगाया जा सके।

स्कूलों और मेयर ऑफिस को भी मिली थी धमकी

दिलजीत के कॉन्सर्ट से जोड़कर मिली यह कोई पहली धमकी नहीं है। इससे पहले इंदौर के तीन बड़े प्राइवेट स्कूलों और इंदौर मेयर ऑफिस को भी इसी तरह के ईमेल भेजे गए थे। ईमेल्स में बम ब्लास्ट की धमकी के साथसाथ यह भी कहा गया था कि बच्चे इस कॉन्सर्ट में शामिल न हों। हालांकि पुलिस और बम स्क्वॉड की जांच में स्कूलों से कोई भी संदिग्ध सामान नहीं मिला।

इंदौर आऊंगा और पोहा भी खाऊंगा

इन धमकियों के चलते कॉन्सर्ट कैंसिल होने की अफवाहें उड़ने लगी थीं, लेकिन दिलजीत ने खुद लाइव आकर फैंस को भरोसा दिलाया है। दिलजीत ने अपने इंस्टाग्राम लाइव में कहा कि वह 101 परसेंट इंदौर पहुंचेंगे और शो तय शेड्यूल पर ही होगा। उन्होंने अपने चुलबुले अंदाज में यह भी जोड़ा कि वह इंदौर पहुंचते ही सबसे पहले वहां का मशहूर पोहा खाएंगे और फिर फुल एनर्जी के साथ स्टेज पर उतरेंगे।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply