उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक युवक ने सर्वोदय नगर स्थित रेव मोती मॉल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी. गंभीर रूप से घायल युवक को आननफानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि युवक अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था. दोनों के बीच बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई. युवती के वहां से जाने के बाद युवक ने यह कदम उठा लिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मृतक की पहचान चमनगंज निवासी रियाज अली के 35 वर्षीय बेटे सिकंदर अलेक्जेंडर के रूप में हुई है. सिकंदर बुधवार को अपने दोस्त राजा और चचेरे भाई शीबू के साथ मॉल पहुंचा था. उसने अपनी प्रेमिका को भी मिलने के लिए बुलाया था.
एक साल पहले सऊदी अरब से लौटा था सिकंदर
सिकंदर करीब एक साल पहले सऊदी अरब से नौकरी छोड़कर कानपुर लौटा था. उसके दोनों भाई मुर्शीद और नवीन अभी सऊदी अरब में ही रहते हैं. सिकंदर के दोस्त राजा ने बताया कि उसका गीता नगर के पास एक अस्पताल में काम करने वाली युवती से कई वर्षों से प्रेम संबंध था.
सिकंदर जब सऊदी अरब में नौकरी करता था, तब भी दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी. हालांकि, पिछले कुछ समय से उनके रिश्ते में खटास आने लगी थी. युवती उससे दूरी बनाने लगी थी और दोनों के बीच पहले जैसी बातचीत नहीं होती थी. इसी वजह से सिकंदर उससे मिलकर बात करना चाहता था.
युवती से कहा आज आखिरी बार प्यार से बात कर लो
दोस्त राजा के मुताबिक, सिकंदर ने बुधवार को युवती को सर्वोदय नगर स्थित मॉल में बुलाया था. मुलाकात के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. इस दौरान सिकंदर ने युवती से कहा, ‘आज आखिरी बार प्यार से बात कर लो, इसके बाद न तो तुम्हें परेशान करेंगे और न ही कभी मिलेंगे.’ हालांकि, युवती ने उसकी बातों पर ध्यान नहीं दिया और वहां से चली गई. इसके बाद सिकंदर भी कुछ दूरी पर बने फूड कोर्ट की तरफ बढ़ गया. राजा भी उसके पीछे पहुंचा.
दोस्त को मोबाइल और घड़ी देकर लगाई छलांग
राजा ने बताया कि फूड कोर्ट की तरफ जाते समय सिकंदर ने अपना मोबाइल फोन और घड़ी उसे दे दी. इसके बाद राजा कुछ देर फोन पर बातचीत करने लगा. इसी दौरान अचानक सिकंदर ने मॉल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी.
यह देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए. गंभीर रूप से घायल सिकंदर को तत्काल रीजेंसी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे. घर में मातम छा गया.
दोस्तों और परिजनों से पूछताछ कर रही पुलिस
काकादेव थाना पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंधों में चल रही अनबन से जुड़ा बताया जा रहा है. युवक के दोस्त ने भी रिश्ते में तनाव की बात कही है. पुलिस परिवार के सदस्यों, दोस्तों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है.
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. युवती से मुलाकात के दौरान क्या हुआ और युवक ने किन परिस्थितियों में छलांग लगाई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.



