CrimeIndiaTrending

नशे की लत पूरी करने​​​​​ के लिए बना चोर! सूने​​​​​​​​​​ मकान को बनाया निशाना, चार दिन में पुलिस ने ऐसे दबोचा

नशे की लत पूरी करने​​​​​ के लिए बना चोर! सूने​​​​​​​​​​ मकान को बनाया निशाना, चार दिन में पुलिस ने ऐसे दबोचा

केकड़ी, राजस्थान: नशे की लत ने एक युवक को चोरी के रास्ते पर पहुंचा दिया। राजस्थान के केकड़ी में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने महज चार दिन के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए चांदी के कुछ आभूषण भी बरामद किए हैं। शुरुआती पूछताछ में आरोपी के नशे का आदी होने की बात सामने आई है।

मामला केकड़ी शहर थाना क्षेत्र की भट्टा कॉलोनी स्थित मोमिन नगर का है। यहां रहने वाले सद्दाम हुसैन ने 10 नवंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 8 नवंबर को वह परिवार के साथ नसीराबाद में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। अगले दिन जब परिवार घर लौटा और मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर पहुंचा, तो कमरों में सामान बिखरा हुआ मिला।

घर की जांच करने पर पता चला कि वहां से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब थी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और इलाके में संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। तकनीकी संसाधनों और मुखबिरों की मदद से पुलिस को एक संदिग्ध के बारे में जानकारी मिली।

इसके बाद पुलिस ने भट्टा कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय इमरान खान उर्फ ताला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

चोरी के आभूषण बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चांदी की दो जोड़ी पायजेब, एक चांदी का ब्रेसलेट और एक चांदी की अंगूठी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में पता चला कि आरोपी नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। उसके खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में की गई। मामले में पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है, ताकि चोरी से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।

Satya Report: पुलिस की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply