
धार, मध्य प्रदेश: जिले के सरदारपुर क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने अस्पताल प्रबंधन से लेकर पुलिस तक को हैरान कर दिया। पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची 14 वर्षीय किशोरी की जांच हुई तो पता चला कि वह नौ महीने की गर्भवती है। इसके बाद उसे भर्ती कराया गया, जहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, 12 नवंबर को किशोरी अपने साथ एक युवक को लेकर सरदारपुर सिविल अस्पताल पहुंची थी। उसने पेट में दर्द होने की शिकायत की थी। डॉक्टरों ने जब उसकी चिकित्सकीय जांच कराई तो गर्भावस्था का पता चला। जांच में सामने आया कि किशोरी करीब नौ महीने की गर्भवती थी। इसके बाद उसे तत्काल भर्ती किया गया, जहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया। बताया गया है कि नवजात की हालत स्वस्थ है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने किशोरी के बयान दर्ज किए और उसके परिजनों को भी अस्पताल बुलाकर पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, किशोरी ने बताया कि वह संबंधित युवक को करीब दो साल से जानती थी। आरोप है कि जनवरी 2026 में युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद उसने किशोरी के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने राजोद थाना क्षेत्र के युवक के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने इस मामले में गुंदीखेड़ा निवासी हरिओम मचार को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। किशोरी और नवजात की सुरक्षा तथा स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।
Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध पुलिस जानकारी और प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर तैयार की गई है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर कानूनी प्रक्रिया जारी है। नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाली कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की जा रही है।



