IndiaUttar Pradesh

​कार दौड़ रही थी यमुना एक्सप्रेसवे पर… और ई-चालान की लोकेशन निकली अटलांटिक महासागर की, गजब का मामला

Noida News: उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर कर रहे एक कार चालक के साथ ट्रैफिक सिस्टम की ऐसी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. ओवरस्पीडिंग के आरोप में कार सवार का 2,000 रुपये का ईचालान तो काट दिया गया, लेकिन चालान में वाहन की लोकेशन यमुना एक्सप्रेसवे के बजाय अटलांटिक महासागर के बीचोबीच दिखाई गई है.

​कार दौड़ रही थी यमुना एक्सप्रेसवे पर… और ई-चालान की लोकेशन निकली अटलांटिक महासागर की, गजब का मामला

सोशल मीडिया पर इस अजीबोगरीब चालान की तस्वीरें वायरल होने के बाद अब ईचालान प्रणाली की तकनीकी सटीकता और लोकेशन ट्रैकिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. जानकारी के मुताबिक, अनुजीत शिवम नाम के एक युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने चालान की तस्वीरें साझा की हैं. यूजर ने बताया कि उनकी कार यमुना एक्सप्रेसवे पर 101 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही थी. चूंकि यमुना एक्सप्रेसवे पर निर्धारित गतिसीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा है, इसलिए महज 1 किमी/घंटा की अधिक रफ्तार के आधार पर उनकी कार का 2 हजार रुपये का ईचालान जारी कर दिया गया.

मामले में सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात चालान में दर्ज भौगोलिक निर्देशांक की है. ईचालान में 0 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 0 डिग्री पूर्वी देशांतर दर्ज दिखाई दे रहा है. भूगोल के अनुसार, यह निर्देशांक अफ्रीका के पश्चिमी तट के पास अटलांटिक महासागर के बीच का क्षेत्र है. यानी जिस वक्त कार यमुना एक्सप्रेसवे पर दौड़ रही थी, सिस्टम ने उसकी लोकेशन समुद्र के बीच दिखा दी.

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस के बाद नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने दिया जवाब

कार सवार अनुजीत शिवम ने इस गड़बड़ी को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए, जिसके बाद पोस्ट तेजी से वायरल हो गई. इंटरनेट यूजर्स भी ट्रैफिक कैमरों और जीपीएस सिस्टम की विश्वसनीयता पर तंज कसते और सवाल खड़े करते नजर आए. मामला तूल पकड़ने के बाद नोएडा ट्रैफिक पुलिस की ओर से सोशल मीडिया पर ही प्रतिक्रिया देते हुए यूजर को ईचालान हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की सलाह दी गई है. हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चालान में समुद्र की यह गलत लोकेशन किस तकनीकी खामी की वजह से दर्ज हुई और जांच के बाद इस चालान को निरस्त किया गया है या नहीं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply