उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में एक खौफनाक घटना हुई है. यहां एक ही परिवार के तीन लोगों की तालाब में डूबने से मौत हो गई है. तीनों तालाब में नहाने गए थे. घटना अनपरा क्षेत्र में कुलडोमरी ग्राम पंचायत स्थित भूतहवा नाले के पास रविवार सुबह की है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक यहां रहने वाली 19 वर्षीय उर्मिला, उसके पति 22 वर्षीय अनिल शर्मा और छोटा भाई 15 वर्षीय राजू रविवार की सुबह नहाने के लिए तालाब पर गए थे. वहां उर्मिला और अनिल शर्मा पहले पानी में उतरकर नहाने लगे. इस दौरान उर्मिला गहरे पानी चली गई. अनिल ने बचाने की कोशिश की, लेकिन वह खुद भी गहरे पानी में डूबने लगे.
बचाने उतरा भाई भी डूबा
किनारे पर बैठा राजू यह सब देख रहा था. उसने तुरंत पानी में छलांग लगा दी और बहन और बहनोई को खींचकर किनारे लाने की कोशिश करने लगा. लेकिन पानी में डूब रहे दोनों ने राजू को पकड़ लिया. ऐसे में वह बेवश हो गया और उन दोनों के साथ वह भी पानी में डूब गया. थोड़ी देर बाद आसपास से गुजर रहे लोगों ने तीनों के शव पानी में उतराते देखा तो पुलिस और परिजनों को सूचना दी.
घर में मचा कोहराम
घटना की जानकारी जैसे ही इनके परिवार को मिली, कोहराम मच गया. लोग दौड़कर तालाब पर पहुंचे. इतने में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अनपरा थाना पुलिस के मुताबिक तीनों शवों की पहचान हो गई है. पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है. अनपरा थानाध्यक्ष राजेश चौबे के मुताबिक इस मामले में मर्ग दर्ज किया गया है.



