उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लक्ष्मण मेला छठ घाट पर भी रविवार शाम श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा. सुबह से ही घाट पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा. इस पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी लक्ष्मण मेला घाट पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया.

छठ महापर्व के तीसरे दिन यानी रविवार को व्रती महिलाएं और पुरुष अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुखसमृद्धि और खुशहाली की कामना की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा, “सबसे पहले, मैं प्रदेश के सभी लोगों को और विशेष रूप से उन माताओं और बहनों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं जो सबके कल्याण के लिए समर्पित इस पवित्र परंपरा का पालन कर रही हैं.”
मुख्यमंत्री ने कहा, “छठ हमारी लोकआस्था की आत्मा है. इस महान पर्व को इसकी समृद्ध परंपराओं ने जीवंत बनाए रखा है. कई लोकप्रिय लोकगीतों ने इस पर्व की व्यापक लोकप्रियता में योगदान दिया है. आज, इस महान पर्व के अवसर पर, हम गोमती नदी के तट पर एकत्रित हुए हैं एक ऐसा स्थान जिसे अक्सर लखनऊ की आत्मा कहा जाता है. हमारी लोकगायन परंपराओं ने इन पर्वों और उत्सवों को जीवित और समृद्ध बनाए रखा है.”
‘निर्जला व्रत आध्यात्मिक साधना’
उन्होंने कहा, “हम भगवान सूर्य के प्रति अपना गहरा आभार व्यक्त करते हैं. छठ भारत की सनातन चेतना के दिव्य प्रकाश का प्रतीक है. छठ हमें कठोर अनुशासन का पाठ सिखाता है. तीन दिनों तक निर्जला व्रत रखना एक गहन आध्यात्मिक साधना है. धार्मिक अनुष्ठानों को सूर्योदय के साथ जोड़ना, जीवन में कठोर अनुशासन का प्रमाण है. हम सब केवल डूबते हुए सूर्य को नहीं बल्कि उगते हुए सूर्य की भी उपासना करते है.”
घाट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
इस दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए. बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रशासनिक अधिकारी भी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
छठी मैया के जयकारों से गूंजा छठ घाट
छठ पर्व के अंतिम दिन यानी सोमवार सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा. इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत संपन्न होगा और व्रती महिलाएं पारण कर व्रत का समापन करेंगी. पूरे घाट पर भक्तिमय माहौल बना हुआ है और छठी मैया के जयकारों से वातावरण गूंज रहा है.



