Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा में वृंदावन के केशवधाम चौकी क्षेत्र स्थित होटल श्री राधा निकुंज में छत्तीसगढ़ के रायपुर की रहने वाली 24 साल की युवती ने आत्महत्या कर ली. युवती 13 नवंबर को होटल में ठहरने आई थी और उसे 16 नवंबर तक वहां रुकना था. घटना की जानकारी मिलने पर वृंदावन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें युवती ने रायपुर के रहने वाले आशीष ओझा नाम के युवक पर आरोप लगाए हैं. पुलिस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

क्षेत्राधिकारी वृंदावन के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को पुलिस को होटल में युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल होटल श्री राधा निकुंज पहुंची. शुरुआती जांच में पता चला कि युवती 13 नवंबर को होटल में चेकइन करने के बाद से वहीं ठहरी हुई थी. उसकी होटल में बुकिंग 16 नवंबर तक थी.
खुला था कमरे का दरवाजा
बताया गया कि युवती के पिता ने फोन कर होटल के रिसेप्शन पर बेटी से संपर्क नहीं हो पाने की बात कही थी. इसके बाद होटल के कर्मचारी युवती के कमरे के पास पहुंचे. कमरे का दरवाजा खुला हुआ था. अंदर जाकर देखने पर युवती मृत मिली. इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को घटना की सूचना दी.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा तथा पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी. घटनास्थल की जांच के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया. फील्ड यूनिट ने मौके से सबूत जुटाए और इसी दौरान एक सुसाइड नोट बरामद किया.
सुसाइड नोट बरामद
पुलिस के मुताबिक, सुसाइड नोट में युवती ने रायपुर निवासी आशीष ओझा नाम के युवक पर आरोप लगाए हैं. हालांकि, इन आरोपों की वास्तविकता और आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा. पुलिस सुसाइड नोट की सामग्री और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है.
क्षेत्राधिकारी वृंदावन ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती किन परिस्थितियों में होटल पहुंची थी और घटना से पहले उसके साथ क्या कुछ हुआ था.



