आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठगों ने भी अपने तरीके बदल दिए हैं. अब ठग AI की मदद से किसी की आवाज और चेहरे की हूबहू नकल करने से लेकर कंपनियों के फाइनेंशियल सिस्टम में सेंध लगाने तक की कोशिश कर रहे हैं. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक में सीनियर अधिकारी के हवाले से बताया गया कि पिछले तीन महीनों में देशभर की NBFC कंपनियों से जुड़ी 150 से ज्यादा शिकायतों में 300 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी सामने आई है.

वहीं, दिल्लीNCR की 12 NBFC कंपनियों से ही 65 करोड़ रुपये से ज्यादा निकाले गए. इन मामलों में ठग अप्रूव हो चुके लेकिन ग्राहकों को जारी नहीं किए गए लोन की रकम दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर कर रहे हैं. साइबर अटैकर एआई का भी खूब इस्तेमाल कर रहे हैं. इसके अलावा AI से आवाज की नकल कर अधिकारियों को फर्जी निर्देश देने और पैसे ट्रांसफर करवाने जैसे मामले भी सामने आए हैं.
कैसे AI की मदद से NBFC के सिस्टम में सेंध लगा रहे ठग?
साइबर ठग सबसे पहले NBFC कंपनियों के लोन ऐप या वेबसाइट के फ्रंट एंड यानी उस हिस्से को निशाना बनाते हैं, जहां लोन एप्लिकेशन और दूसरी सर्विस की जानकारी होती है. इसके लिए मालवेयर का इस्तेमाल किया जाता है. यह मालवेयर करीब 7 से 8 दिनों तक कंपनी के सिस्टम में रहकर अप्रूव हो चुके लेकिन ग्राहकों को जारी नहीं किए गए लोन की जानकारी जुटाता है. इसके बाद ठग सिस्टम में लोन जारी करने के लिए जरूरी कमांड तैयार करते हैं. वे असली ग्राहक के बैंक अकाउंट की जगह म्यूल अकाउंट यानी ठगी की रकम लेने के लिए इस्तेमाल होने वाले बैंक खाते का नंबर डाल देते हैं. इस तरह लोन की रकम सीधे ठगों के खातों में पहुंच जाती है.
साइबर ठगी में ठग NBFC कंपनियों के क्लाउड सर्वर और फायरवॉल की कमजोरियों का भी फायदा उठा रहे हैं. कंपनियां अपने क्लाउड सर्वर के IP एड्रेस को फायरवॉल की व्हाइटलिस्ट में रखती हैं, जिससे वहां से आने वाले रिक्वेस्ट को सुरक्षित मानकर मंजूरी दी जा सके. ठग इसी व्यवस्था का फायदा उठाते हैं. वे पब्लिक क्लाउड सर्विस पर अकाउंट बनाकर व्हाइटलिस्टेड IP एड्रेस के जरिए फर्जी कमांड भेजते हैं. ऐसा होने पर फायरवॉल को यह रिक्वेस्ट सामान्य लगती है. रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में एक NBFC से 3 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में चीनी AI प्लेटफॉर्म CyberStrikeAI का इस्तेमाल कमांड स्क्रिप्ट भेजने के लिए किया गया था. पुलिस का कहना है कि AI टूल की मदद से इन साइबर हमलों को ज्यादा तेजी से और बड़े पैमाने पर अंजाम दिया जा रहा है.
AI से कितनी हुई ठगी?
- देश में पिछले कुछ महीनों में AI और डीपफेक के जरिए साइबर ठगी के कई मामले रिपोर्ट हुए हैं. 15 नवंबर 2026 को केरल के कोझिकोड में एक 63 वर्षीय कारोबारी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के AI से बनाए गए फर्जी वीडियो के जरिए ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश का झांसा दिया गया. कारोबारी ने 30 ट्रांजैक्शन में करीब 1.41 करोड़ रुपये गंवा दिए.
- इससे पहले 5 नवंबर 2026 को कोलकाता में एक महिला कारोबारी को परिचित की आवाज की AI क्लोनिंग करके 1.20 लाख रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया. वहीं, 1 नवंबर 2026 को नागपुर में साइबर अपराधियों ने पुलिस कमिश्नर की फोटो और AI से तैयार आवाज का इस्तेमाल कर एक व्यक्ति से 50 लाख रुपये ठग लिए.
- 12 अक्टूबर 2026 को नागपुर में ही एक कारोबारी के बुजुर्ग पिता को परिचित की आवाज में फोन करके 50 लाख रुपये ठग लिए गए. इसके अलावा, 16 सितंबर 2026 को सूरत में राज्यसभा सांसद गोविंदभाई ढोलकिया के डीपफेक वीडियो का इस्तेमाल पुराने सिक्के खरीदने के नाम पर ठगी के लिए किया गया.
- पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े 10 बैंक खातों और देशभर की 9 शिकायतों में करीब 9.84 करोड़ रुपये की ठगी का पता लगाया. 15 सितंबर 2026 को तमिलनाडु पुलिस ने मुख्यमंत्री विजय के AI से बनाए गए फर्जी वीडियो के जरिए आर्थिक मदद का लालच देकर लोगों को ठगने के मामले में राजस्थान से एक आरोपी को गिरफ्तार किया.
- वहीं, अगस्त 2026 में पुणे के एक कारोबारी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के डीपफेक वीडियो के जरिए फर्जी निवेश स्कीम में फंसाकर करीब 1.07 करोड़ रुपये की ठगी की गई. इस मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की थी.
AI और साइबर ठगी से कैसे बचा जा सकता है?
AI और साइबर ठगी से बचने के लिए किसी की आवाज या वीडियो कॉल पर भरोसा करके तुरंत पैसे ट्रांसफर न करें. पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से दूसरे नंबर पर बात करके पुष्टि करें. अनजान लिंक पर क्लिक करने, ऐप डाउनलोड करने और OTP, PIN या बैंक डिटेल शेयर करने से बचें. सोशल मीडिया पर दिखने वाले सेलिब्रिटी या अधिकारियों के निवेश से जुड़े वीडियो की आधिकारिक सोर्स से जांच करें. बैंक ट्रांजैक्शन के अलर्ट चालू रखें और किसी संदिग्ध ट्रांजैक्शन की जानकारी मिलते ही बैंक को सूचित करें. ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं.
FAQ
प्रश्न 3 महीने में NBFC से कितने करोड़ की ठगी हुई?
उत्तरबीते महीनों में300 करोड़ रुपये से ज्यादा की साइबर ठगी दर्ज की गई है.
प्रश्न ठग NBFC का सिस्टम कैसे हैक कर रहे हैं?
उत्तर साइबर ठग मालवेयर और AI टूल की मदद से ठगी कर रहे हैं.
प्रश्न AI वॉयस क्लोनिंग से कैसे ठगी होती है?
उत्तर आवाज की नकल कर फर्जी निर्देश देकर वॉयस क्लोनिंग से ठगी होती है.
प्रश्न साइबर ठगी होने पर कहां शिकायत करें?
उत्तरसाइबर ठगी होने पर आप तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर जाकर रिपोर्ट दर्ज कराएं



