IndiaUttar Pradesh

​181 उम्मीदवारों की लिस्ट पर कांग्रेस को सपा का जवाब, बताई जमीनी हकीकत

यूपी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान तेज होती दिखाई दे रही है. कांग्रेस की ओर से समाजवादी पार्टी को 181 उम्मीदवारों की सूची सौंपे जाने के बाद सपा ने भी कांग्रेस को यूपी में उसकी चुनावी ताकत का आईना दिखाया है. खबर है कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस नेतृत्व को एक ग्राउंड रिपोर्ट भेजी है, जिसमें 2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन का पोस्टमार्टम है.

​181 उम्मीदवारों की लिस्ट पर कांग्रेस को सपा का जवाब, बताई जमीनी हकीकत

इस रिपोर्ट के जरिए सपा ने कांग्रेस को बताया है कि यूपी में उसका मौजूदा चुनावी आधार कितना सीमित है और गठबंधन में सीटों की मांग करते समय उसे किन चुनावी आंकड़ों को ध्यान में रखना चाहिए. रिपोर्ट के पहले पन्ने पर ही 2022 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन का ब्योरा दिया गया है. सूत्रों का कहना है कि सपा अभी भी कांग्रेस को 50 से 60 सीट देने के मूड में है. साथ ही कई सीटों पर प्रत्याशी सपा के होंगे और टिकट कांग्रेस का.

2022 में 399 सीटों पर लड़ी कांग्रेस, सिर्फ 2.33 फीसदी वोट मिले

सपा की रिपोर्ट के मुताबिक, 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 399 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे. पार्टी को पूरे प्रदेश में सिर्फ 21.51 लाख वोट मिले थे. यह कुल वोटों का महज 2.33 फीसदी था. रिपोर्ट में कांग्रेस के प्रदर्शन का दूसरा अहम आंकड़ा जमानत जब्त होने से जुड़ा है. सपा ने कांग्रेस को याद दिलाया है कि चुनाव में उसके 399 में से 387 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई थी. पार्टी सिर्फ 12 सीटों पर ही अपनी जमानत बचा पाई थी.

सपा की ओर से पेश किए गए आंकड़ों के मुताबिक, कांग्रेस 2022 के विधानसभा चुनाव में केवल 73 सीटों पर पांच हजार से अधिक वोट हासिल कर सकी थी. पार्टी सिर्फ चार सीटों पर दूसरे स्थान पर रही थी. इनमें भी जगदीशपुर विधानसभा सीट पर ही कांग्रेस ने कांटे की टक्कर दी थी. बाकी सीटों पर हार का अंतर काफी बड़ा था.

दो सीटों पर ही जीत दर्ज कर पाई थी कांग्रेस

2022 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को प्रदेश की 403 सीटों में से सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली थी. रामपुर खास से आराधना मिश्रा मोना और महाराजगंज जिले की फरेंदा विधानसभा सीट से वीरेंद्र चौधरी चुनाव जीते थे. खास बात है कि इनमें से एक सीट पर सपा ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था. सपा ने अपनी रिपोर्ट में कांग्रेस के इसी प्रदर्शन को आधार बनाकर उसके यूपी में चुनावी प्रभाव पर सवाल उठाए हैं. पार्टी का संदेश है कि सीटों की मांग करते समय पिछले विधानसभा चुनाव के नतीजों और जमीनी स्थिति को भी ध्यान में रखना होगा.

2024 लोकसभा चुनाव में 17 सीटों पर लड़ी कांग्रेस, 6 पर मिली जीत

समाजवादी पार्टी ने अपनी रिपोर्ट में 2024 लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन का भी विश्लेषण किया है. कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में यूपी की 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था और छह सीटों पर जीत दर्ज की थी. हालांकि, सपा ने इन 17 लोकसभा क्षेत्रों में आने वाली 85 विधानसभा सीटों के आंकड़ों को सामने रखकर कांग्रेस की चुनावी ताकत का विश्लेषण किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, इन 85 विधानसभा सीटों में कांग्रेस सिर्फ 39 सीटों पर बढ़त बना सकी थी.

सपा का दावा है कि इन 39 विधानसभा क्षेत्रों में भी 12 से अधिक सीटें ऐसी थीं, जहां समाजवादी पार्टी का कब्जा है. पार्टी का कहना है कि इन सीटों पर कांग्रेस को मिली बढ़त के पीछे सपा का अपना वोट बैंक था. यानी कांग्रेस की लोकसभा जीत में समाजवादी पार्टी के समर्थन और उसके वोट आधार की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

सपा ने अपने स्ट्राइक रेट से की कांग्रेस के प्रदर्शन की तुलना

रिपोर्ट में समाजवादी पार्टी ने अपने और कांग्रेस के प्रदर्शन की तुलना भी की है. सपा ने बताया है कि 2024 लोकसभा चुनाव में उसने यूपी की 62 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 37 सीटों पर जीत दर्ज की थी. वहीं कांग्रेस ने 17 सीटों पर चुनाव लड़कर छह सीटें जीती थीं. सपा का तर्क है कि सीटों पर जीत के लिहाज से उसका स्ट्राइक रेट कांग्रेस के मुकाबले काफी बेहतर रहा. पार्टी ने इसी आधार पर कांग्रेस को यूपी में सीटों की मांग और गठबंधन की शर्तों को लेकर व्यावहारिक रुख अपनाने का संदेश दिया है.

सपा ने कांग्रेस से मांगे उम्मीदवारों के नाम और राजनीतिक बायोडाटा

सीटों की संख्या के साथ समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस से उन सीटों पर प्रस्तावित उम्मीदवारों के नाम भी मांगे हैं, जिन पर वह चुनाव लड़ना चाहती है. सपा ने कांग्रेस से प्रत्याशियों का राजनीतिक बायोडाटा देने का भी आग्रह किया है. यानी सपा सिर्फ सीटों की संख्या के आधार पर फैसला करने के बजाय यह भी जानना चाहती है कि कांग्रेस किन चेहरों को मैदान में उतारना चाहती है और उन उम्मीदवारों की अपनेअपने क्षेत्रों में राजनीतिक स्थिति क्या है.

कांग्रेस को सपा की नसीहत जमीनी हकीकत स्वीकार करें, जिद छोड़ें

समाजवादी पार्टी ने अपनी रिपोर्ट के जरिए कांग्रेस को यूपी की जमीनी हकीकत स्वीकार करने और सीटों को लेकर जिद छोड़ने की सलाह दी है. सपा का कहना है कि दोनों दलों को व्यावहारिक गठबंधन के आधार पर चुनाव लड़ना चाहिए. रिपोर्ट में कांग्रेस को बीजेपी को हराने के लिए समाजवादी पार्टी का साथ देने और अखिलेश यादव का हाथ मजबूत करने का संदेश भी दिया गया है. सपा ने इस चुनाव को कांग्रेस के लिए ‘अभी नहीं तो कभी नहीं’ की तर्ज पर लड़ने की बात कही है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply