चेहरा गोरा करने और खूबसूरती बढ़ाने का दावा करने वाली क्रीम का इस्तेमाल आजकल काफी आम है. बाजार में मिलने वाली कई क्रीम कुछ ही दिनों में रंग निखारने और दागधब्बे हटाने का दावा करती हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इन क्रीमों में ऐसा क्या मिलाया जाता है, जिससे त्वचा का रंग तेजी से बदलने लगता है? दरअसल, कुछ स्किन व्हाइटनिंग क्रीम में ऐसे जहरीले रसायन और भारी धातुएं मिलाई जाती हैं, जो धीरेधीरे शरीर के अंदर पहुंचकर गंभीर नुकसान कर सकती हैं.

इन दिनों पाकिस्तान में बनी दो ब्यूटी क्रीम ‘गोरी ब्यूटी क्रीम’ और ‘चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम’ को लेकर भारत में बड़ा विवाद है. इन क्रीमों पर सवाल सिर्फ त्वचा को नुकसान पहुंचाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनमें मौजूद मर्करी यानी पारे की वजह से किडनी और नर्वस सिस्टम पर भी खतरा बताया जा रहा है. कुछ वैज्ञानिक अध्ययनों में इन जैसे उत्पादों में बेहद ज्यादा मर्करी मिलने की बात सामने आई है. मामला गंभीर होने पर भारत के औषधि नियामक CDSCO ने चेतावनी जारी की है.
गोरी और चांदनी क्रीम पर क्यों बवाल?
इस मामले में 8 सितंबर 2026 को केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन ने सार्वजनिक स्वास्थ्य चेतावनी जारी की. इसमें पाकिस्तान में बनी गोरी ब्यूटी क्रीम और चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम को भारत में बिक्री के लिए अनधिकृत बताया गया. नियामक के मुताबिक, इन दोनों उत्पादों को भारत में आयात और बिक्री के लिए जरूरी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट नहीं मिला था. CDSCO ने अपनी जांच में यह भी पाया कि इनमें भारी धातुओं की मात्रा निर्धारित सीमा से ज्यादा है, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकती है.
इस्तेमाल नहीं करने की सलाह
इसके बाद मध्य प्रदेश के खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने 14 नवंबर को लोगों को इन क्रीमों का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी. 15 नवंबर को इंदौर में दुकानों और एक एजेंसी पर कार्रवाई करते हुए इनका स्टॉक जब्त किया गया. भोपाल पुलिस इनके बाजार में पहुंचने और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है. यानी मामला सिर्फ किसी एक क्रीम की गुणवत्ता का नहीं, बल्कि बिना जरूरी मंजूरी के विदेशी कॉस्मेटिक उत्पादों की बिक्री का भी है.
ब्यूटी क्रीम में क्याक्या मिलाया जाता है?
आमतौर पर ब्यूटी क्रीम बनाने के लिए पानी, ग्लिसरीन, तेल, मॉइस्चराइजर, इमल्सीफायर और प्रिजर्वेटिव का इस्तेमाल होता है. त्वचा की रंगत सुधारने और दागधब्बे कम करने के लिए नियासिनमाइड, विटामिनC, कोजिक एसिड और अल्फा अर्बुटिन जैसे तत्व भी मिलाए जाते हैं. ये सभी तत्व तय मानकों के अनुसार इस्तेमाल किए जाएं तो स्किन केयर उत्पादों में उपयोगी हो सकते हैं. लेकिन कुछ गैरकानूनी स्किन व्हाइटनिंग क्रीम में मर्करी , लेड और आर्सेनिक जैसी जहरीली भारी धातुएं भी मिलाई जाती हैं.
मर्करी त्वचा में मेलेनिन बनाने की प्रक्रिया को प्रभावित करती है. मेलेनिन वही पिगमेंट है, जो हमारी त्वचा को रंग देता है. इसकी प्रक्रिया बाधित होने पर त्वचा हल्की दिखाई देने लगती है. यही वजह है कि कुछ क्रीम तेजी से गोरा करने का दावा करती हैं. मर्करी का लंबे समय तक इस्तेमाल किडनी को नुकसान पहुंचा सकता है. इसके अलावा हाथपैरों में झनझनाहट, याददाश्त और एकाग्रता में परेशानी, कंपकंपी और नर्वस सिस्टम से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं.
मर्करी की कितनी मात्रा है सुरक्षित?
अब सबसे अहम सवाल है कि आखिर किसी ब्यूटी क्रीम में मर्करी की कितनी मात्रा होनी चाहिए? भारत के कॉस्मेटिक्स नियमों में सामान्य तैयार कॉस्मेटिक उत्पादों में अनजाने में मौजूद मर्करी की अधिकतम सीमा 1 ppm यानी एक किलोग्राम क्रीम में 1 मिलीग्राम निर्धारित की गई है. कुछ विशेष आंखों के उत्पादों में प्रिजर्वेटिव के रूप में अलग सीमा लागू होती है. इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि निर्माता अपनी मर्जी से मर्करी मिलाकर क्रीम बना सकते हैं.
मर्करी की खतरनाक मात्रा को समझने के लिए एक वैज्ञानिक रिपोर्ट पर नजर डालना जरूरी है. Zero Mercury Working Group की अक्टूबर 2025 की रिपोर्ट में चांदनी क्रीम के एक नमूने में 30,146 ppm और गोरी ब्यूटी क्रीम में 15,000 ppm मर्करी दर्ज की गई. यानी ये आंकड़े सामान्य 1 ppm की सीमा से क्रमशः लगभग 30 हजार और 15 हजार गुना ज्यादा हैं.
वहीं, अमेरिका के न्यूयॉर्क अटॉर्नी जनरल कार्यालय की जांच में चांदनी क्रीम के दो नमूनों में 28,000 और 26,000 ppm तथा गोरी क्रीम के नमूनों में 19,000 ppm मर्करी मिली थी. अलगअलग रिपोर्टों में आंकड़ों का अंतर नमूनों और जांच के समय की वजह से हो सकता है. इनके अलावा कुछ रिपोर्ट में इन क्रीम में तांबे के अंश भी मिले हैं.
भारत में भी सामने आए किडनी के मामले
इस विवाद को और गंभीर बनाने वाली बात महाराष्ट्र के नागपुर से सामने आई है. यहां कुछ महिलाओं में किडनी से जुड़ी समस्याएं सामने आने के बाद स्किन व्हाइटनिंग क्रीम के इस्तेमाल को लेकर जांच शुरू हुई. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ महिलाएं करीब दो साल से गोरी ब्यूटी क्रीम का इस्तेमाल कर रही थीं. इसके बाद महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने क्रीम के नमूने जांच के लिए भेजे और इसकी बिक्री पर कार्रवाई की.
CDSCO ने लोगों से गोरी और चांदनी क्रीम नहीं खरीदने और पहले से खरीदी गई क्रीम का इस्तेमाल बंद करने की अपील की है. साथ ही कॉस्मेटिक खरीदते समय मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस नंबर, निर्माता का नामपता, बैच नंबर, निर्माण और एक्सपायरी की तारीख जरूर जांचने को कहा है. आयातित उत्पादों पर जरूरी रजिस्ट्रेशन की जानकारी भी होनी चाहिए.



