उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर भाजपा और अधिकारियों को चेतावनी दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी संभावित हार को देखते हुए अधिकारियों पर दबाव डालकर गैरकानूनी तरीके से वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की कोशिश कर रही है.

अखिलेश यादव ने कहा कि फॉर्म6 में किसी भी तरह की गड़बड़ी हुई तो जनता भाजपाइयों और भ्रष्ट अधिकारियों को छठी का दूध याद दिला देगी. अखिलेश यादव ने ASDD यानी Absent, Shifted, Dead or Duplicate नामों के जरिए फर्जी वोट जोड़ने की साजिश का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस पूरी प्रक्रिया पर बूथ स्तर से लेकर निर्वाचन आयोग तक नजर रखेगी.
अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी के बूथ प्रभारी, पीडीए प्रहरी, घोषित और संभावित प्रत्याशी, प्रदेश, जिला और विधानसभा स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक हर नए वोट पर निगरानी रखेंगे.
हर नए वोट पर रहेगी नजर: अखिलेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी ने ऐसी व्यवस्था की है, जिससे हर सजग नागरिक अपने पड़ोस में जुड़ने वाले नए वोट पर नजर रख सके. उन्होंने चेतावनी दी कि एकएक वोट का हिसाब मांगा जाएगा और किसी भी तरह की बेईमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अखिलेश ने कहा कि अगर किसी गलत तरीके से वोट जुड़ता है तो उसके लिए जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ सबूतों के साथ तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी.
अखिलेश यादव ने अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि दोषी पाए जाने वालों को नौकरी से बर्खास्त कराने, उनकी पेंशन और फंड रुकवाने तथा सजा दिलाने तक की लड़ाई लड़ी जाएगी. अखिलेश ने कहा कि भाजपा अधिकारियों पर दबाव डालकर गैरकानूनी तरीके से नाम जुड़वाने की जो कोशिश कर रही है, उसके खिलाफ सबूत जुटाए जाएंगे और FIR कराई जाएगी.
भ्रष्ट अधिकारियों का अगला पड़ाव कारागार होगा
अखिलेश यादव ने अपने बयान में भ्रष्ट अधिकारियों को सीधे तौर पर चेतावनी दी. उन्होंने कहा, ‘भ्रष्ट अधिकारियों का अगला पड़ाव कारागार होगा.’ उन्होंने दावा किया कि इस कथित लोकतांत्रिक अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. अखिलेश ने कहा कि जब मुकदमा चलेगा और दोषियों को सजा होगी तो कोई भाजपाई उन्हें बचाने नहीं आएगा. उनके मुताबिक, अधिकारियों को समझना चाहिए कि भाजपा किसी की सगी नहीं है.
अवैध संपत्ति की जांच कराने की भी चेतावनी
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भ्रष्टाचार के आरोपों के साथ अधिकारियों की संपत्ति का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों को लगता है कि उन्होंने इतना कमा लिया है कि उनकी सात पुश्तें बैठकर खा सकती हैं, उन्हें यह याद रखना चाहिए कि उनकी जमीनजायदाद पर भी जनता की नजर है. अखिलेश ने चेतावनी दी कि जांच होने पर कानून के मुताबिक उनकी नाजायज संपत्ति जब्त की जा सकती है.
अपने बयान के आखिर में अखिलेश यादव ने कहा, ‘जनता की स्पष्ट चेतावनी है : न कोई बेईमान बचेगा, न किसी बेईमान को छोड़ा जाएगा.’ उन्होंने अपने संदेश का समापन जय संविधानजय हिंदुस्तान के नारे के साथ किया.
SIR और फॉर्म6 को लेकर बढ़ी सियासी निगरानी
उत्तर प्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अब नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और सूची में सुधार की प्रक्रिया चल रही है. फॉर्म6 नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होता है. इसी प्रक्रिया को लेकर अखिलेश यादव ने फर्जी नाम जोड़ने की आशंका जताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से सतर्क रहने की अपील की है. गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने आबादी के अनुपात में 2.58 करोड़ मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट में न होने की पुष्टि की है. इनको जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलेगा, जिसको लेकर अखिलेश ने पार्टी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की अपील की है.



