BusinessIndia

​ग्रीन एनर्जी सेक्टर में अमेजन का बड़ा दांव, भारत में 2030 तक लगाएगी 7 अरब डॉलर की नई पूंजी

Amazon Renewable Energy Investment: भारत में बढ़ती बिजली की जरूरतों को पूरा करने के लिए दिग्गज टेक कंपनी अमेजन ने एक बड़ा कदम उठाया है. कंपनी साल 2030 तक देश के रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स में 7 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश करेगी. ये नया निवेश कंपनी द्वारा पहले से तय किए गए 4 अरब डॉलर के कमिटमेंट से बिल्कुल अलग है. कंपनी ने एक बयान में कहा है कि इस कदम से भारत में अमेजन का रिन्यूएबल एनर्जी पोर्टफोलियो काफी बड़ा हो जाएगा. साथ ही देश में कार्बनफ्री बिजली खरीदने वाली सबसे बड़ी कॉरपोरेट कंपनियों में इसकी स्थिति पहले से ज्यादा मजबूत होगी.

​ग्रीन एनर्जी सेक्टर में अमेजन का बड़ा दांव, भारत में 2030 तक लगाएगी 7 अरब डॉलर की नई पूंजी

तीन राज्यों में शुरू होंगे 4 बड़े प्रोजेक्ट

अपने मौजूदा 4 अरब डॉलर के निवेश के तहत ही अमेजन ने 4 नए विंड व सोलर एनर्जी प्रोजेक्ट्स की घोषणा की है. इनकी कुल क्षमता 934 मेगावाट है. इसमें कर्नाटक में बनने वाला 234 मेगावाट का विंड प्रोजेक्ट शामिल है, जो एशिया में कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा विंड प्रोजेक्ट है. इसके अलावा कर्नाटक में ही 200 मेगावाट का एक हाइब्रिड प्रोजेक्ट लगाया जाएगा. वहीं मध्य प्रदेश में 300 मेगावाट का सोलर प्रोजेक्ट, जबकि राजस्थान में 200 मेगावाट का सोलर प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा.

35 लाख से ज्यादा घरों की जरूरत होगी पूरी

पावर परचेज एग्रीमेंट के जरिए हासिल किए गए ये प्रोजेक्ट्स जब पूरी तरह से शुरू हो जाएंगे, तो भारत में अमेजन की कुल कॉन्ट्रैक्टेड रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता 2 गीगावाट के पार पहुंच जाएगी. कंपनी के मुताबिक, ये क्षमता सालाना 35 लाख से ज्यादा भारतीय घरों की बिजली की जरूरतों को पूरा करने के बराबर है. फिलहाल भारत में अमेजन के पोर्टफोलियो में 14 बड़े विंड व सोलर प्रोजेक्ट्स शामिल हैं, जो सीधे ग्रिड को कार्बनफ्री बिजली देते हैं. इसके अलावा कंपनी के अपने सेंटर्स पर 43 ऑनसाइट सोलर इंस्टॉलेशन भी काम कर रहे हैं. दुनियाभर की बात करें तो ग्लोबल लेवल पर अमेजन के 700 से ज्यादा प्रोजेक्ट्स हैं, जिनकी कुल क्षमता 40 गीगावाट से अधिक है.

कार्बन उत्सर्जन घटाने का ग्लोबल टारगेट

7 अरब डॉलर के इस नए निवेश का ऐलान ऐसे समय में हुआ है, जब अमेजन ने अपने कामकाज में इस्तेमाल होने वाली बिजली से कार्बन की मात्रा को घटाने का नया ग्लोबल टारगेट तय किया है. कंपनी 2019 के स्तर के मुकाबले साल 2030 तक इसमें 65 फीसदी की कमी लाएगी. ये लक्ष्य ‘द क्लाइमेट प्लेज’ के तहत साल 2040 तक अपने पूरे कामकाज को नेटजीरो कार्बन बनाने के बड़े वादे का हिस्सा है. अमेजन की चीफ सस्टेनेबिलिटी ऑफिसर कारा हर्स्ट ने कहा कि भारत में हमारा निवेश सालों की मेहनत का नतीजा है. ये 7 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश देश की ऊर्जा सुरक्षा के साथ साल 2070 तक भारत के नेटजीरो बनने के लक्ष्य में मदद करेगा.

सरकार ने किया स्वागत, बढ़ेंगे रोजगार के मौके

केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने इस निवेश का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि ये कदम भारत के रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में ग्लोबल कंपनियों के बढ़ते भरोसे को दिखाता है. इससे पता चलता है कि इस सेक्टर में लंबे समय के निवेश को खींचने की पूरी क्षमता है. कंपनी का कहना है कि इन नए प्रोजेक्ट्स से न सिर्फ उसकी अपनी जरूरतें पूरी होंगी, बल्कि पावर ग्रिड में क्लीन एनर्जी भी जुड़ेगी. इसी ग्रिड से आम घरों, अस्पतालों, स्कूलों व बिजनेस को बिजली मिलती है. ऐसे निवेश से बिजली ग्रिड आधुनिक होगा, उसकी विश्वसनीयता बढ़ेगी, साथ ही देश में नए रोजगार भी पैदा होंगे.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply