
इंग्लैंड में एक हाई स्कूल की शिक्षिका को अपनी कक्षा में पढ़ाई के बजाय अनुचित चर्चाएं करना भारी पड़ गया। वह छात्रों के सामने यौन विषयों से जुड़ी कहानियां और निजी अनुभवों के उदाहरण सुनाती थी। शुरुआत में कुछ विद्यार्थियों को उसकी बातें मनोरंजक लगती थीं, लेकिन बाद में यही चर्चाएं स्कूल प्रशासन तक पहुंच गईं।
यह मामला तब सामने आया, जब दो छात्रों ने स्कूल से जुड़े एक पादरी स्टाफ सदस्य को अपनी शिक्षिका की गतिविधियों के बारे में बताया। छात्रों का कहना था कि शिक्षिका अक्सर कक्षा में सेक्स टॉय, पोर्नोग्राफी, हस्तमैथुन और समलैंगिक संबंधों जैसे विषयों पर बातचीत करती थी।
एक छात्र ने बताया कि शिक्षिका ने कक्षा में ऐसी कहानी भी सुनाई थी, जिसमें एक व्यक्ति को सेक्स टॉय इस्तेमाल करने के दौरान चोट लग गई थी। विद्यार्थियों के मुताबिक, कई बार कक्षा में करीब दस मिनट तक इसी तरह की चर्चाएं चलती थीं। कुछ छात्रों को शिक्षिका का व्यवहार दोस्त जैसा लगता था, लेकिन स्कूल के नियमों और शिक्षक की जिम्मेदारी के लिहाज से यह आचरण अनुचित था।
शिकायत मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने जांच शुरू की। विद्यार्थियों के लिखित बयान दर्ज किए गए। शिक्षिका ने आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया कि छात्र उन्हें फंसाने की साजिश कर रहे हैं। हालांकि, जांच में कई छात्रों के बयान एक-दूसरे से मेल खाते पाए गए।
मामले की सुनवाई शिक्षण नियमन प्राधिकरण के पैनल के सामने हुई। पैनल ने शिक्षिका के व्यवहार को गंभीर और पेशेवर मानकों के खिलाफ बताया। उसका कहना था कि इस तरह की बातचीत किसी भी सामान्य कक्षा में स्वीकार्य नहीं है, यहां तक कि यौन शिक्षा की कक्षा में भी इसे उचित नहीं माना जा सकता।
आखिरकार, 43 वर्षीय शिक्षिका को इंग्लैंड में स्कूलों में पढ़ाने से प्रतिबंधित कर दिया गया। हालांकि, उन्हें दो साल बाद इस फैसले की समीक्षा के लिए आवेदन करने की अनुमति दी गई।
Satya Report



