इलाहाबाद हाई कोर्ट से मिली राहत के बाद, बुधवार को समाजवादी पार्टी को सुप्रीम कोर्ट से भी एक और अच्छी खबर मिली, जिसके चलते पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान जेल से जमानत पर रिहा हो गए. इस घटनाक्रम ने नई अटकलों को जन्म दिया है, माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में आजम खान के प्रभाव का फायदा उठाना चाहती है. कभी MY समीकरण के सहारे सत्ता में आने वाली समाजवादी पार्टी ने अब एक नया चुनावी फॉर्मूला अपनाया है, PDA . आजम खान की रिहाई के साथ, अखिलेश यादव ने इस ‘PDA’ रणनीति में ‘A’ के महत्व को बताया है, यहां ‘A’ का अर्थ आजम खान से है. आइए विस्तार से जानते हैं कि पश्चिमी यूपी में अखिलेश के लिए आजम खान क्यों जरूरी हैं.

दरअसल, आजम खान समाजवादी पार्टी के पुराने और भरोसेमंद नेताओं में रहे हैं, खास तौर पर रामपुर और आसपास के इलाकों में उनका राजनीतिक प्रभाव रहा है. ऐसे में अखिलेश यादव के लिए आजम खान की वापसी कई मायनों में अहम मानी जा रही है. यूपी में ओवैसी लगातार मुस्लिम राजनीतिक प्रतिनिधित्व का सवाल उठा रहे हैं. अब ऐसा माना जा रहा है कि आजम खान के जरिए समाजवादी पार्टी ओवैसी के इस नैरेटिव को काउंटर कर सकती है.
कुछ दिन पहले ही जेल में अखिलेश यादव ने आजम खान से मुलाकात की थी. समाजवादी पार्टी नेता शिवपाल यादव भी आजम खान से मिलने पहुंचे थे. उन्होंने बताया था कि आजम जेल से निकलकर पार्टी के लिए प्रचार करेंगे. वैसे भी अखिलेश यादव की PDA पॉलिटिक्स में मुस्लिम मतदाता रणनीति का हिस्सा हैं. जिन्हें आजम के जरिए अपने पक्ष में करने की कोशिश होगी.
2022 में भी मुस्लिमों ने सपा को जमकर किया था वोट
अनुमान के मुताबिक यूपी में करीब बीस प्रतिशत मुस्लिम मतदाता हैं. जिनका वोट ज्यादातर समाजवादी पार्टी को मिलता है. CSDSलोकनीति के आंकड़ों के अनुसार 2022 के चुनाव में 79 प्रतिशत मुसलमानों ने समाजवादी पार्टी को वोट दिया था. आजम खान की रिहाई पर बीजेपी अखिलेश को फिर माफिया तुष्टीकरण की राजनीति वाले आरोपों से घेर रही है.
पूरी ED बीजेपी के सामने नतमस्तक: सपा
इस पूरे मामले को लेकर सपा प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि पूरी की पूरी ईडी बीजेपी के सामने नतमस्तक है और उतना ही काम करती है जितना बीजेपी कहती है. क्योंकि बीजेपी एक व्यक्ति से इतनी घबराई है. सोचिए आजम खान साहब जब बाहर रहेंगे तो बीजेपी क्या हाल होगा उनका? आजम खान के खिलाफ जो 70+ केस पहले थे सभी में उनको बेल मिल चुकी थी. उसी के बाद तुरंत उन्होंने एक ईडी का केस लगाकर आजम खान को अरेस्ट कर लिया गया. उसके बाद ना तो कुछ एफआईआर हुई और ना कोई उनके ऊपर अब चार्जेस बताए गए कि ईडी ने तुम्हें क्यों अरेस्ट किया है.
मुख्यमंत्री योगी ने सपा पर बोला हमला बोला
इस बीच बुधवार को ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी समाजवादी पार्टी पर कानून व्यवस्था वाला कटाक्ष किया. उन्होंने कहा याद कीजिए वो दौर जब उत्तर प्रदेश दंगों की आग में झुलसता था. अपराधियों के हौसले बुलंद थे, चारों तरफ अराजकता का साम्राज्य था, आज प्रदेश में रूल ऑफ लॉ है. माफिया या तो जेल में हैं या जहन्नुम की यात्रा पर हैं. आज प्रदेश Lawless Land से Land of Law बन गया है.
आजम की गिरफ्तारी से लेकर अब तक की कहानी
इस बीच आजम खान की रिहाई की कहानी में कई ट्विस्ट हैं. पहले दो पैन कार्ड मामले में आजम खान को जमानत मिली. 31 अक्टूबर को वो रामपुर जेल से बाहर आए. लेकिन जेल से बाहर निकलते ही ED ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया, मामला मनी लॉन्ड्रिंग का था. इसके बाद आजम खान ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपील की, जहां उन्हें अंतरिम जमानत मिल गई. हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाए. ED हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने भी आजम की रिहाई रोकने से इनकार किया.



