BusinessIndia

​भारतीय नौसेना की बढ़ेगी ताकत, इजराइल के साथ हुई 1,976 करोड़ रुपए की डील, अपग्रेड होगी बाराक मिसाइल

भारतीय नौसेना और भी ज्यादा मजबूत होने जा रही है. भारत ने अपनी नौसेना की ताकत बढ़ाने के लिए इजरायल के साथ 1,976.40 करोड़ रुपए का समझौता किया है. इसके तहत भारतीय नौसेना के वॉरशिप्स पर तैनात बाराक मिसाइल सिस्टम को अपग्रेड किया जाएगा.

​भारतीय नौसेना की बढ़ेगी ताकत, इजराइल के साथ हुई 1,976 करोड़ रुपए की डील, अपग्रेड होगी बाराक मिसाइल

रक्षा मंत्रालय ने इजरायल की कंपनी इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज के साथ यह डील की है. इस अपग्रेड का मुख्य उद्देश्य नौसेना के जहाजों को दुश्मन की मिसाइलों और हवाई हमलों से बेहतर सुरक्षा देना है.

हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर सिस्टम होगा अपग्रेड

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस समझौते के तहत बाराक पॉइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर दोनों को अपग्रेड किया जाएगा. इससे सिस्टम की तकनीकी कमियों को दूर करने के साथ उसकी मारक क्षमता और हवाई खतरों को रोकने की ताकत बढ़ेगी. साथ ही, इसकी रेंज यानी हमला रोकने की दूरी में भी सुधार किया जाएगा.

यह समझौता 18 नवंबर को नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में हुआ. इसे रक्षा मंत्रालय की ‘अदर कैपिटल प्रोक्योरमेंट प्रोसीजर’ के तहत किया गया है. इस प्रक्रिया के तहत रक्षा उपकरणों की खरीद और उनमें जरूरी बदलाव से जुड़े समझौते किए जाते हैं.

क्या है बाराक मिसाइल सिस्टम और क्यों है जरूरी?

बाराक एक जहाज आधारित एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम है. इसे युद्धपोतों की सुरक्षा के लिए तैयार किया गया है. इसका काम दुश्मन की तरफ से आने वाली मिसाइलों और दूसरे हवाई खतरों को जहाज तक पहुंचने से पहले रोकना है.

आज के समय में मिसाइल और हवाई हमले की तकनीक तेजी से बदल रही है. ऐसे में नौसेना के पुराने रक्षा सिस्टम को आधुनिक बनाना और अपग्रेट करना जरूरी है. बाराक सिस्टम के अपग्रेड होने से भारतीय नौसेना के युद्धपोतों को हवाई हमलों से बेहतर सुरक्षा मिलेगी. साथ ही, यह सिस्टम भविष्य में आने वाले नए हवाई खतरों से निपटने में भी ज्यादा सक्षम होगा.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply