BiharCrimeIndiaTrending

पति अचानक हुआ लापता, पत्नी​​​​​​​​​​ खुद पहुंच गई थाने; जांच में सामने आई रिश्तों को शर्मसार करने वाली कहानी

पति अचानक हुआ लापता, पत्नी​​​​​​​​​​ खुद पहुंच गई थाने; जांच में सामने आई रिश्तों को शर्मसार करने वाली कहानी

बरौनी, बिहार: बेगूसराय जिले में पति की हत्या कर शव गंगा नदी में फेंकने के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। हैरानी की बात यह है कि जिस महिला ने पहले ट्रैक्टर को लेकर प्रेमी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, उसी पर बाद में पति की हत्या में शामिल होने का आरोप लगा। पूछताछ में कथित प्रेमी ने हत्या की पूरी कहानी बताई, जिसके बाद पुलिस ने पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया।

मृतक की पहचान धीरज राय के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी पत्नी डाली कुमारी और मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। पुलिस का दावा है कि दोनों ने पूछताछ के दौरान हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की है।

ट्रैक्टर को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, डाली कुमारी ने शिकायत दी थी कि मुकेश कुमार उसके नाम पर खरीदा गया ट्रैक्टर जबरन अपने साथ ले गया है। जब उसने ट्रैक्टर वापस मांगा तो कथित तौर पर मुकेश ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इस शिकायत के आधार पर गढ़हरा थाने में मुकेश के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने ट्रैक्टर को रामदीरी स्थित मुकेश के घर से बरामद कर लिया और उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो मामला एक पुराने हत्याकांड से जुड़ गया।

कार में बैठाकर ले गया, फिर कर दी हत्या

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मुकेश ने बताया कि 14 अक्टूबर को डाली के कहने पर उसने धीरज को रेलवे के छह नंबर ढाला के पास बुलाया था। इसके बाद वह अपनी सफेद रंग की कार में धीरज को बैठाकर ले गया।

आरोप है कि मुकेश धीरज को मरांची थाना क्षेत्र के आगे एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को सिमरिया के पुराने पुल से नीचे गंगा नदी में फेंक दिया गया।

मुकेश के बयान के बाद पत्नी भी गिरफ्तार

गढ़हरा थाना अध्यक्ष जितेंद्र राम के मुताबिक, शुरुआत में पुलिस ने मुकेश को ट्रैक्टर जबरन ले जाने और धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसने धीरज की हत्या में डाली के शामिल होने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और डाली कुमारी को भी गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Satya Report डिस्क्लेमर: यह खबर पुलिस की जांच और उपलब्ध मीडिया रिपोर्ट के आधार पर तैयार की गई है। हत्या में दोनों आरोपियों की भूमिका से जुड़े दावे पुलिस के अनुसार हैं। मामले में अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा।

Satya Report

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply