India

​बढ़े हुए AQI की वजह से क्या घर में भी मास्क लगाना चाहिए, डॉक्टर से जानें

दिल्ली समेत देश के अधिकतर हिस्सों में बढ़े हुए वायु प्रदूषण ने लोगों चिंता बढ़ाई हुई है. ऐसी हवा में सांस लेना मजबूरी है और इस वजह से फेफड़ों समेत शरीर के कई अंगों पर बुरा असर पड़ रहा है. खराब AQI के बीच लोग प्रदूषण से बचने के लिए बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन क्या घर के अंदर भी प्रदूषण से पूरी तरह सुरक्षा मिल पाती है? दरअसल, बाहर की जहरीली हवा दरवाजों और खिड़कियों के रास्ते घर में पहुंच सकती है.

​बढ़े हुए AQI की वजह से क्या घर में भी मास्क लगाना चाहिए, डॉक्टर से जानें

ऐसे में सवाल उठता है कि जब बाहर की हवा इतनी खराब हो, तो क्या घर के अंदर भी N95 मास्क पहनना चाहिए? किन लोगों को इसकी ज्यादा जरूरत हो सकती है और घर की हवा को साफ रखने के लिए क्या सावधानियां जरूरी हैं? इस बारे में डॉक्टर से जानते हैं।

एक्सपर्ट ने क्या कहा?

बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच अक्सर लोगों के मन में यह सवाल आता है कि जब बाहर की हवा इतनी खराब है, तो क्या घर के अंदर भी मास्क पहनना जरूरी है? दरअसल, घर के अंदर रहने का मतलब यह नहीं है कि हम प्रदूषण से पूरी तरह सुरक्षित हैं. बाहर की प्रदूषित हवा खिड़कियों और दरवाजों के जरिए घर में आ सकती है. इसके अलावा, खाना पकाने का धुआं, अगरबत्ती, धूप और मच्छर भगाने वाली कॉइल भी घर के अंदर की हवा को खराब कर सकती हैं.

डॉक्टर अंकित भाटिया का कहना है कि हर किसी को घर में लगातार मास्क पहनने की जरूरत नहीं होती. यह काफी हद तक घर के अंदर की हवा की गुणवत्ता और व्यक्ति की सेहत पर निर्भर करता है. जिन घरों में बाहर का प्रदूषण आसानी से पहुंच रहा है और हवा को साफ रखने के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, वहां अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है.

किन लोगों को खास ध्यान रखना चाहिए

अस्थमा, COPD और सांस की दूसरी बीमारियों से परेशान लोगों, बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को इस दौरान विशेष ध्यान रखना चाहिए. अगर घर के अंदर प्रदूषण का स्तर अधिक है और बाहर निकलना जरूरी हो, तो अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क पहनना फायदेमंद हो सकता है. घर के अंदर मास्क पहनने के बजाय प्रदूषण के स्रोतों को कम करना और हवा की गुणवत्ता सुधारना ज्यादा जरूरी है.

इसके लिए HEPA फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर इस्तेमाल किया जा सकता है. प्रदूषण ज्यादा होने पर खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें, घर में धूम्रपान, अगरबत्ती और कॉइल जलाने से बचें और नियमित रूप से गीले कपड़े से सफाई करें.

कब डॉक्टर को दिखाना है सबसे जरूरी

अगर घर के अंदर भी लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी, सीने में जकड़न या आंखों में जलन महसूस हो रही है, तो इसे सामान्य परेशानी समझकर नजरअंदाज न करें. समय पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply