BusinessIndia

​Explained: डॉलर 20 महीने में सबसे तेज, फिर भी क्यों बढ़ रहा रुपए का क्रेज? कहीं ये तो नहीं वजह

इंटरनेशनल मार्केट में डॉलर इंडेक्स करीब 20 महीने की ऊंचाई पर है. इसका लेवल 104 के करीब दिखाई दे रहा है. उसके बाद भी एशिया में रुपए का डंका बज रहा है. डॉलर के मुकाबले में रुपया 92 के लेवल पर आकर खड़ा हो गया है. अपने लाइफ टाइम लोअर लेवल से 5 फीसदी रिकवर हो चुका है. टीवी9 हिंदी डिजिटल ने जब इस मामले में करेंसी एक्सपर्ट से बात की तो उन्होंने इसका सबसे बड़ा कारण कच्चे तेल की कीमत और विदेशी निवेशकों के निवेश को बताया. जिसकी वजह से रुपए की सेहत में सुधार देखने को मिला है. नवंबर के महीने में कच्चे तेल की कीमतों में 20 से 25 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है. वहीं दूसरी ओर विदेशी निवेशकों का निवेश भी रुपए को सपोर्ट करता हुआ दिखाई दे रहा है. मौजूदा महीने में विदेशी निवेशकों ने 1.5 लाख करोड़ रुपए यानी 15 बिलियन डॉलर से ज्यादा का निवेश कर दिया है. आइए इसे विस्तार से और आसान भाषा में समझने की कोशिश करते हैं कि आखिर डॉलर के मजबूत होने के बाद भी रुपए में तेजी क्यों देखने को मिल रही है.

​Explained: डॉलर 20 महीने में सबसे तेज, फिर भी क्यों बढ़ रहा रुपए का क्रेज? कहीं ये तो नहीं वजह

डॉलर इंडेक्स मजबूत

इंटरनेशनल मार्केट में डॉलर इंडेक्स काफी मजबूत बना हुआ है. आंकड़ों के अनुसार करीब 20 महीने के हाई पर है. 26 नवंबर को डॉलर इंडेक्स 103.75 के लेवल पर बना हुआ है. खास बात तो ये है कि डॉलर इंडेक्स में बीते एक महीने में 1.68 फीसदी की तेजी बनी हुई है. पिछले तीन महीने में डॉलर इंडेक्स 4.63% का इजाफा देखने को मिल रहा है. मौजूदा साल में डॉलर इंडेंक्स 5.52% और एक साल में 4.17% की गिरावट देखने को मिल चुकी है. डॉलर इंडेक्स वो पैमाना है, जिससे पता चलता है कि दुनिया की 6 प्रमुख करेंसह के मुकाबले में डॉलर की मजबूती किस तरह की देखने को मिल रही है. जिसका असर सिर्फ कुछ देशों पर नहीं बल्कि ग्लोबल इकोनॉमी पर दिखाई देता है.

डॉलर मजबूत, फिर भी रुपया क्यों चढ़ रहा है?

आमतौर पर जब डॉलर मजबूत होता है, तो भारतीय रुपए समेत उभरते बाजारों की करेंसीज पर दबाव बढ़ता है. लेकिन इस बार बाजार में एक अलग तस्वीर देखने को मिल रही है. इसकी वजह यह है कि डॉलर की वैश्विक मजबूती और रुपए की घरेलू मांगसप्लाई दो अलगअलग बातें हैं. डॉलर का मूल्य दुनिया की प्रमुख करेंसीज के मुकाबले बढ़ सकता है, लेकिन अगर भारत के फॉरेक्स मार्केट में डॉलर की उपलब्धता बढ़ जाए और उसकी मांग घट जाए, तो रुपया मजबूत हो सकता है.

नवंबर में यही स्थिति देखने को मिली है. विदेशी निवेशकों की भारतीय शेयर बाजार में वापसी से डॉलर की सप्लाई बढ़ी है. वहीं, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से डॉलर की मांग पर दबाव कम हुआ है. यानी डॉलर वैश्विक स्तर पर मजबूत है, लेकिन भारत के बाजार में रुपए को सहारा देने वाले कारक ज्यादा प्रभावी साबित हो रहे हैं.

नवंबर में कितना मजबूत हुआ रुपया

नवंबर के महीने में रुपए में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है. नवंबर में रुपया करीब 2.9% मजबूत हुआ है. बुधवार को डॉलर के मुकाबले में रुपए में 65 पैसे की तेजी देखने को मिली, और वो 92.20 के लेवल पर आ गया. जो कि 8 महीने का हाई है. 13 नवंबर को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.19 के क्लोजिंग स्तर से, भारतीय करेंसी ने लगातार पांच सत्रों में 1.6 प्रतिशत से अधिक की जोरदार बढ़त दर्ज की है. पिछले सात हफ्तों में, भारतीय करेंसी ने 8 अक्टूबर को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपने अब तक के सबसे निचले क्लोजिंग लेवल 96.88 से लगभग 5 फीसदी की रिकवरी की है. बुधवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 69 पैसे मजबूत होकर 92.16 के स्तर पर पहुंच गया, जो इस साल का अब तक का उच्चतम स्तर है.

कच्चे तेल की कीमत की गिरावट का असर

नवंबर के महीने में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का काफी बड़ा असर दिखाई दिया है. नवंबर के महीने में कच्चे तेल की कीमत में 20 से 25 फीसदी की गिरावट देखने को मिल चुकी है. जिसकी वजह से रुपए में करीब 3 फीसदी की तेजी देखने को मिली है. उससे पहले साल के 10 महीनों में डॉलर के मुकाबले में रुपया में 5.42 फीसदी की गिरावट देखने को मिल चुकी है. खास बात तो ये है कि मई 2026 में रुपया अपने लोअर लेवल 96.96 पर भी पहुंचा. इसका मतलब है कि रुपए में करीब 8 फीसदी की गिरावट देखने को मिली. उसी 10 महीनों में ब्रेंट क्रूड की कीमत में 93 फीसदी की तेजी देखने को मिली थी. अब आप अंदाजा लगा सकते हैं कि कच्चे तेल की कीमतों का रुपए की वैल्यू में कितना जबरदस्त असर देखने को मिलता है. वैसे साल 2025 में भी डॉलर के मुकाबले में रुपए में 5 फीसदी की गिरावट देखने को मिली थी.

विदेशी निवेशकों ने भी बदली तस्वीर

वहीं दूसरी ओर विदेशी निवेशकों ने भी रुपए की तस्वीर बदलने की काफी कोशिश की है. नवंबर के महीने में विदेशी निवेशकों ने 15 बिलियन डॉलर का निवेश किया है. जिसकी वजह से रुपए को काफी सहारा मिला है. खास बात तो ये है कि अक्टूबर तक विदेशी निवेशकों ने शेयर बाजार से 3 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा यानी करीब 33 बिलियन डॉलर निकाल लिए थे. तब से अब तक करीब 50 फीसदी की रिकवरी हो चुकी है. जोकि काफी शुभ संकेत हैं. यही वजह से रुपए को काफी सपोर्ट मिला है. जानकारों की मानें तो इसका असर रुपए पर दो तरह से पड़ता है. पहला विदेशी निवेशक भारतीय शेयर खरीदने के लिए डॉलर बेचकर रुपए खरीदते हैं. दूसरा बाजार में डॉलर की उपलब्धता बढ़ने से उसकी कीमत पर दबाव आता है और रुपया मजबूत होने लगता है. यही वजह है कि विदेशी निवेशकों की खरीदारी ने रुपए की रिकवरी को गति दी है.

RBI के कदमों ने भी बदली बाजार की चाल

रुपए की तेजी में भारतीय रिजर्व बैंक की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है. अक्टूबर में रुपए पर दबाव बढ़ने के बाद RBI ने विदेशी मुद्रा बाजार में डॉलर की मांग और सट्टेबाजी को नियंत्रित करने के लिए कई कदम उठाए थे. जिसमें बैंकों की फॉरवर्ड डॉलर पोजीशन पर प्रतिबंध, विदेशी मुद्रा डेरिवेटिव सौदों के लिए अतिरिक्त जोखिम रिजर्व की व्यवस्था, तेल कंपनियों की डॉलर जरूरतों को पूरा करने के लिए विशेष सुविधा आदि शामिल हैं. इन उपायों से बाजार में डॉलर की मांग पर दबाव कम करने और रुपए को स्थिर करने में मदद मिली. इसके अलावा, बाजार में रुपए की तेजी के साथ पहले से लगाए गए रुपए की कमजोरी के दांव भी उलटने लगे. जब निवेशक डॉलर खरीदने और रुपए के गिरने की उम्मीद में अपनी पोजीशन बंद करते हैं, तो रुपए को अतिरिक्त मजबूती मिलती है.

क्या रुपए में और आएगी तेजी

मिरे एसेट शेरखान के रिसर्च एनालिस्ट अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू बाजारों में तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के कारण रुपए में उछाल आया. हालांकि, डॉलर के मजबूत होने से इसमें होने वाली बड़ी बढ़त सीमित रही. उन्होंने आगे कहा कि घरेलू बाजारों में मजबूती और FII के निवेश के चलते, रुपये में सकारात्मक रुख रहने की उम्मीद है. चौधरी ने कहा कि ट्रेडर्स अमेरिका से आने वाले GDP, साप्ताहिक बेरोजगारी दावों और टिकाऊ वस्तुओं के ऑर्डर के आंकड़ों पर नजर रख सकते हैं. USDINR की स्पॉट कीमत 91.95 रुपए से 92.55 रुपए के दायरे में रहने की उम्मीद है.

चॉइस ब्रोकिंग की कमोडिटी टेक्निकल एनालिस्ट कावेरी मोरे के अनुसार, रुपए में आई यह तेज रिकवरी आगे भी जारी रह सकती है, जिसमें अगला लक्ष्य 91.4090 के स्तर के आसपास हो सकता है. मोरे ने कहा कि इस तेजी को कई कारकों का समर्थन मिल रहा है जियमें नवंबर में 14 अरब डॉलर से अधिक का विदेशी पोर्टफोलियो निवेश, विदेशी बॉन्ड की फिर से खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, और डॉलर की लिक्विडिटी सुधारने तथा मुद्रा को स्थिर करने के लिए RBI द्वारा उठाए गए कदम शामिल हैं. उन्होंने आगे कहा कि इसलिए, लगातार विदेशी निवेश और कच्चे तेल की कम कीमतें निकट भविष्य में रुपये की रिकवरी को सहारा देने वाले मुख्य कारक बने रह सकते हैं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply