राजस्थान के उदयपुर में एक शादीशुदा नर्स और डॉक्टर के बीच रिलेशनशिप थी. नर्स बीते कुछ दिनों से डॉक्टर के साथ रह रही थी. कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में बने सरकारी क्वार्टर के बाहर नर्स का शव मिला है. महिला के परिजनों ने डॉक्टर पर हत्या का आरोप लगाया है. वहीं पुलिस हत्या और आत्महत्या के एंगल को लेकर जांच-पड़ताल में जुटी है.
एजेंसी के अनुसार, नर्स का शव कनोड़ क्षेत्र स्थित स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों के सरकारी आवास की सीढ़ियों पर मिला. स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) हुकम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतका के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है. शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इसे सामान्य मौत नहीं मानते हुए जांच शुरू कर दी है.
.
अधिकारियों के अनुसार, अनीता मीना पिछले कुछ दिनों से डॉक्टर के सरकारी आवास पर रह रही थी. हालांकि, इस संबंध में अभी पुलिस ने कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. यह भी सामने आया है कि मृतका शादीशुदा थी और उनके दो बच्चे हैं.
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि घटना के पीछे हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण की संभावना सहित सभी एंगल से जांच की जा रही है. फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी




